समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। सपा मुखिया ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा के पास नफरत फैलाने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है। रक्षाबंधन के अवसर पर अपने पैतृक गांव सैफई पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि देश में केवल एक ही संकट है और वह भाजपा है। उन्होंने कहा, “बीजेपी खुद सबसे बड़ा संकट है। वह जाएगी तो संकट भी चला जाएगा।”
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण की विरासत को बेचने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने महंगाई, किसानों की समस्याओं, शिक्षा और सरकार की नीतियों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।
बीजेपी को कोई खरीदने के लिए भी तैयार नहीं- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के गठन के समय पार्टी ने खुद को समाजवादी पार्टी के रूप में पेश करने की कोशिश में जयप्रकाश नारायण की तस्वीर लगाई थी, लेकिन अब उसने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (जेपीएनआईसी) को बेच दिया है। सपा प्रमुख ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को कोई खरीदने के लिए भी तैयार नहीं है, वरना वह खुद को बेच देती।
महंगाई के मुद्दे पर अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए आवश्यक वस्तुओं और ईंधन की कीमतों को बढ़ने दे रही है। उन्होंने कहा कि चीनी महंगी हो गई है और सरकार पेट्रोल में एथेनॉल मिला रही है।
उद्योगपतियों को मुनाफा कमाने की खुली छूट देने का आरोप
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने और चुनावी चंदा हासिल करने के लिए सरकार ने उद्योगपतियों को मुनाफा कमाने की खुली छूट दे दी है। उन्होंने कहा कि कंपनियों को मुनाफा कमाने में सक्षम बनाने के लिए चीनी, डीजल और पेट्रोल ऊंची कीमतों पर बेचे जा रहे हैं।
अखिलेश ने दावा किया कि सरकार की नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दवाइयां ऊंची कीमतों पर बेची जा रही हैं, एम्बुलेंस ठीक से काम नहीं कर रही हैं और पुलिसकर्मी लोगों से पैसे मांग रहे हैं।
एक्सप्रेसवे के पैसे के दुरुपयोग का लगाया आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए आवंटित धन का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इसके लिए सरकार को जवाबदेह क्यों नहीं ठहराया जा रहा है। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि देश के आजाद होने के बावजूद मीडिया पर पाबंदियां बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि आज भी कई तरह की पाबंदियां हैं और स्कूलों की खराब हालत दिखाने वाले पत्रकारों पर कार्रवाई की जाती है। अखिलेश ने भाजपा पर जानबूझकर शिक्षा को बढ़ावा नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षित लोग सवाल पूछेंगे और सरकार के साथ बहस करेंगे।
किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं कराकर तथा कृषि उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित नहीं करके संकट पैदा किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को अक्सर जरूरत के समय खाद और बीज नहीं मिलते और उनकी फसलों का पर्याप्त मूल्य भी नहीं मिलता।
उन्होंने कहा, “पहले हम सुनते थे कि बोरी से खाद चोरी हो जाती थी, लेकिन आज पूरी बोरी ही चोरी हो रही है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?”
नेपाल में बाढ़ की आपदा पर जताई चिंता
सपा अध्यक्ष ने पड़ोसी नेपाल में आई बाढ़ की आपदा पर भी चिंता जताई। उन्होंने भारत सरकार से नेपाल को हर संभव सहायता देने का आग्रह किया और कहा कि संकट की इस घड़ी में नेपाल की मदद की जानी चाहिए।

