पाकिस्तान ने विमेंस एशिया कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। मंगलवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान की महिला टीम ने थाईलैंड की महिला टीम को 35 रन से हरा दिया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 119 रन बनाए, जिसके जवाब में थाईलैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान ने कितने रन बनाए?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर शवाल जुल्फिकार सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गईं। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर गुल फिरोजा भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। उस समय पाकिस्तान का स्कोर सिर्फ 6 रन था।
इसके बाद मुनीबा अली ने आयशा जफर के साथ 17 रन की साझेदारी की। आयशा 9 रन बनाकर आउट हुईं। फिर मुनीबा ने सदाफ शमास के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़कर टीम को संभाला।
थाईलैंड की शानदार गेंदबाजी
सदाफ शमास 20 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि कप्तान फातिमा सना खाता नहीं खोल सकीं। इसके बाद पाकिस्तान लगातार विकेट गंवाता रहा और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 119 रन ही बना सका।
थाईलैंड के लिए थिपाचा पुत्थावोंग और सुलीपोर्न लाओमी ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। फनिता माया को 2 और सुनिदा चतुरोंगरात्तन को 1 विकेट मिला।
थाईलैंड की बल्लेबाजी लड़खड़ाई
120 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की टीम भी शुरुआत में दबाव में आ गई। दिलचस्प बात यह रही कि थाईलैंड ने भी दूसरे ओवर की दूसरी और छठी गेंद पर अपने शुरुआती दो विकेट गंवा दिए। उस समय उसका स्कोर भी सिर्फ 6 रन था।
इसके बाद नट्टाकन चंतम और कप्तान नारुएमोल चाईवाई ने तीसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़े। चंतम ने 14 और चाईवाई ने 17 रन बनाए। हालांकि, टीम 37 रन के स्कोर तक चौथा विकेट भी गंवा चुकी थी।
थाईलैंड पर पाकिस्तानी गेंदबाजों का दबदबा
थाईलैंड की महिला टीम से अफिसारा सुवानचोनराथी और चानिदा सुथिरुआंग ने पांचवें विकेट के लिए 28 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन यह साझेदारी टूटते ही थाईलैंड फिर दबाव में आ गया। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी और पाकिस्तान ने मुकाबला 35 रन से अपने नाम कर लिया।
सादिया इकबाल की शानदार गेंदबाजी
पाकिस्तान की जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। सादिया इकबाल ने 11 रन देकर 3 विकेट लिए और थाईलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। तुबा हसन को 2 विकेट मिले, जबकि फातिमा सना और नाशरा संधू ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने विमेंस एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है।

