ससेक्स के युवा तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकोम्ब ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऐसा कारनामा किया है, जो बेहद कम देखने को मिलता है। 24 वर्षीय क्रोकोम्ब ने लगातार दो फर्स्ट क्लास मैचों में हैट्रिक लेकर इतिहास के खास क्लब में जगह बना ली है। काउंटी चैंपियनशिप में उनकी शानदार गेंदबाजी को देखते हुए अब उन्हें इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम में शामिल किए जाने की चर्चा तेज हो गई है।
लगातार दो मैचों में झटकी दो हैट्रिक
हेनरी क्रोकोम्ब ने पिछले सप्ताह समरसेट के खिलाफ मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए उसकी पहली पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई थी। ड्रॉ रहे इस मुकाबले में उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की थी। क्रोकोम्ब ने मैच में कुल छह विकेट हासिल किए थे।
इसके बाद एसेक्स के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी। गुरुवार को क्रोकोम्ब ने पहले साइमन हार्मर को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद जमान अख्तर को सटीक यॉर्कर पर पवेलियन भेजा और अगली गेंद पर शेन स्नेटर को क्लीन बोल्ड कर लगातार दूसरे मैच में हैट्रिक पूरी कर ली।
5 रन के अंदर एसेक्स ने गंवाए 5 विकेट
क्रोकोम्ब ने हैट्रिक से ठीक पहले वाले ओवर में चार्ली एलिसन को भी आउट किया था। इस तरह एसेक्स ने महज पांच रन के अंदर अपने पांच विकेट गंवा दिए। क्रोकोम्ब ने इस पारी में पांच विकेट पूरे किए और ससेक्स ने एसेक्स की पूरी टीम को 177 रन पर समेट दिया।
इससे पहले ससेक्स ने अपनी पहली पारी में 275 रन बनाए थे। दिन का खेल खत्म होने तक ससेक्स ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 90 रन बना लिए थे। ऐसे में टीम मुकाबले में मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 7वीं बार हुआ ऐसा
फर्स्ट क्लास क्रिकेट के रिकॉर्ड के अनुसार, लगातार दो अलग-अलग मैचों में हैट्रिक लेने का कारनामा क्रिकेट इतिहास में अब तक सिर्फ सात बार दर्ज हुआ है। वहीं, एक ही फर्स्ट क्लास मैच में दो हैट्रिक लेने की घटना केवल दो बार देखने को मिली है।
क्रोकोम्ब का यह प्रदर्शन उन्हें इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के दरवाजे तक पहुंचा सकता है। शानदार समर सीजन में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे इस तेज गेंदबाज को इसी महीने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम में जगह मिल सकती है।
जून में इंग्लैंड टेस्ट स्क्वॉड में भी हुए थे शामिल
क्रोकोम्ब को इससे पहले जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान इंग्लैंड के टेस्ट स्क्वॉड में बैकअप खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया था। अब काउंटी चैंपियनशिप में लगातार दो मैचों में हैट्रिक और शानदार गेंदबाजी के बाद उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं।

