‘हनुमान अंश’ की तारीफ से भावुक हुए डायरेक्टर, अब विराट कोहली-अनुष्का शर्मा से जताई ये खास उम्मीद

Thecity news
3 Min Read

वीरेंद्र सहवाग बिना निमंत्रण बच्चे के साथ पहुंचे फिल्म देखने, सोशल मीडिया पर की तारीफ; 11 सितंबर को ग्लोबल रिलीज होगी फिल्म

मुंबई, 4 सितंबर। सादगी और आध्यात्मिक विषय के कारण फिल्म ‘हनुमान अंश’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग का समर्थन मिलने के बाद निर्देशक विशाल चतुर्वेदी का उत्साह और बढ़ गया है। सहवाग बिना किसी निमंत्रण के अपने बच्चे के साथ फिल्म देखने पहुंचे और सोशल मीडिया पर इसकी खुलकर तारीफ की। सहवाग की प्रतिक्रिया से भावुक हुए निर्देशक ने अब अपनी एक खास इच्छा का खुलासा किया है।

सहवाग के बाद विराट-अनुष्का से जताई उम्मीद

विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि वीरेंद्र सहवाग का फिल्म देखना और उसकी तारीफ करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। सहवाग की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब निर्देशक की नजरें विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पर हैं।

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की नीम करोली बाबा में गहरी आस्था मानी जाती है और दोनों कई मौकों पर बाबा के आश्रम से जुड़े रहे हैं। ऐसे में निर्देशक की इच्छा है कि यह स्टार कपल भी नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित इस फिल्म को देखे और इसका अनुभव करे।

बिना बड़े प्रचार के रिलीज हुई, माउथ पब्लिसिटी से मिली रफ्तार

‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को बिना किसी बड़े प्रचार अभियान के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआत में फिल्म की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी के चलते इसकी कमाई में तेजी देखने को मिली।

फिल्म ने चौथे हफ्ते के अंत तक भारत में करीब 85।97 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। पहले सप्ताह में 1।08 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म ने तीसरे सप्ताह में ही 10।40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर सबको चौंका दिया।

अब दुनियाभर में रिलीज होगी ‘हनुमान अंश’

फिल्म की सफलता को देखते हुए मेकर्स ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करने का फैसला किया है। ‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे फिल्म को भारतीय दर्शकों के अलावा विदेशी दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।

सीक्वल पर भी निर्देशक ने लगाई मुहर

फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने पुष्टि की है कि फिल्म का दूसरा भाग जरूर बनाया जाएगा। शोभिनाव सत्य और विहान शेडगे की अहम भूमिकाओं वाली यह फिल्म करीब 2 घंटे 30 मिनट लंबी है।

आध्यात्मिक कहानी और नीम करोली बाबा से जुड़े प्रसंगों पर आधारित फिल्म को अब अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने ले जाने की तैयारी है। ग्लोबल रिलीज के साथ फिल्म की पहुंच बढ़ने और इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ने की उम्मीद है।

Share This Article