Greater Noida Bus Fire: चलती स्लीपर बस में अचानक लगी आग, 9 यात्रियों की मौत; जान बचाने के लिए खिड़की से कूदे लोग

Thecity news
4 Min Read

यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ दर्दनाक हादसा, दिल्ली से महोबा जा रही थी बस; 40 से 50 यात्री थे सवार, आग लगने के कारणों की जांच जारी

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बुधवार देर रात एक चलती स्लीपर बस में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जेवर एयरपोर्ट के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई इस घटना में 9 यात्रियों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से छलांग लगानी पड़ी।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। आग लगने के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

चालक-परिचालक पर यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज कल्पना ट्रैवल्स की स्लीपर बस ने दिल्ली के कश्मीरी गेट से यात्रा शुरू की थी। यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस में आग लगने से पहले जलने की गंध आ रही थी।

एफआईआर में दर्ज जानकारी के अनुसार, बस के चालक और परिचालक को धूम्रपान करते हुए देखा गया था। यात्रियों का दावा है कि जलने की गंध महसूस होने के बावजूद बस को नहीं रोका गया। यात्रियों के मुताबिक, चालक और परिचालक ने इसे सामान्य गंध बताते हुए बस चलती रहने दी।

इसके कुछ ही देर बाद चालक की सीट के पास आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने दर्ज किया गैर-इरादतन हत्या का मामला

पुलिस ने मामले में गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस यात्रियों के बयान और हादसे से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

हादसे के दौरान कई यात्रियों को मौके से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि कुछ लोग आग और धुएं के कारण बस के अंदर फंस गए।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मृतकों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए।

यात्रियों ने सुनाई हादसे की खौफनाक कहानी

हादसे से बची एक महिला यात्री ने बताया कि वह अपने केबिन में सो रही थीं। इसी दौरान किसी ने दरवाजा खटखटाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह किसी तरह सिर्फ अपना फोन लेकर बाहर निकल सकीं।

महिला के मुताबिक, बस के अंदर इतना धुआं भर गया था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। बाहर निकलने के दौरान यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की मच गई और इसी दौरान किसी ने उन्हें खींचकर बस से बाहर निकाला।

एक अन्य यात्री ने बताया कि बस से बाहर निकलना बेहद मुश्किल था। कई यात्री धुएं के कारण दम घुटने की स्थिति में पहुंच गए थे और जान बचाने के लिए किसी तरह बस से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस अब हादसे के कारणों, बस की स्थिति और चालक-परिचालक की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article