मैडॉक फिल्म्स की इस फिल्म में 26/11 हमले के बाद अजमल कसाब को सजा दिलाने की कानूनी लड़ाई को पर्दे पर दिखाया गया है।
26 नवंबर 2008 का मुंबई आतंकी हमला देश के इतिहास की सबसे भयावह घटनाओं में शामिल है। इस हमले के बाद अजमल कसाब के खिलाफ चली कानूनी लड़ाई को केंद्र में रखकर बनी फिल्म ‘प्रहार’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में राजकुमार राव सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं।
कोर्ट में शुरू हुई सबूत और दलीलों की लड़ाई
ट्रेलर की शुरुआत मुंबई आतंकी हमलों के भयावह दृश्यों से होती है। इसके बाद कहानी अदालत तक पहुंचती है, जहां बंदूकों की जगह सबूतों और कानूनी दलीलों के जरिए लड़ाई लड़ी जाती है।
फिल्म में दिखाया गया है कि कसाब को कानून के तहत सजा दिलाने की प्रक्रिया के दौरान किस तरह की कानूनी और अन्य चुनौतियां सामने आईं। राजकुमार राव ने उज्ज्वल निकम के किरदार में गंभीर और प्रभावशाली अंदाज दिखाया है।
दमदार कलाकारों से सजी है फिल्म
‘प्रहार’ में राजकुमार राव के अलावा ललित प्रभाकर अजमल कसाब की भूमिका में नजर आएंगे। वामिका गब्बी भी अहम किरदार निभा रही हैं, जबकि जयदीप अहलावत वकील की भूमिका में दिखाई देंगे।
ट्रेलर में सभी कलाकारों की अदाकारी कहानी के गंभीर और संवेदनशील माहौल को मजबूत करती नजर आती है।
16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
दिनेश विजान के निर्माण में बनी ‘प्रहार’ मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले तैयार की गई है। फिल्म 16 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म और कलाकारों के प्रदर्शन को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

