हाथरस में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को उल्टियां होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता और दूसरे बेटे को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है।
उत्तर प्रदेश के हाथरस में गुरुवार देर रात दूध पीने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उल्टियां होने पर पिता और उनके दो बेटों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान पांच वर्षीय आंशू की देर रात करीब डेढ़ बजे मौत हो गई। वहीं, पिता दानिश (26) और छह वर्षीय बेटे सोहेब की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
घटना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के खंदारी गढ़ी मोहल्ले की है। तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, आंशू को बचाया नहीं जा सका।
दूध में मिलावट या जहरीले पदार्थ की आशंका
बताया जा रहा है कि परिवार करीब आठ दिन पहले ही खंदारी गढ़ी मोहल्ले में किराये के मकान में रहने आया था। दूध पीने के बाद एक साथ तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने और बच्चे की मौत होने से मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
दूध में मिलावट या किसी जहरीले पदार्थ की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल किसी साजिश की भी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम से सामने आएगा मौत का कारण
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि तीनों की तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी। बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
सीओ सिटी के मुताबिक, मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उधर, मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा है, जबकि पिता और दूसरे बेटे के स्वास्थ्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।

