टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश में नए खुलासे, अभिनेताओं के घरों की तस्वीरें भेजी थीं आरोपियों नेपुलिस के मुताबिक, रेकी से लेकर हथियारों की व्यवस्था और आरोपियों को विदेश भगाने की योजना तक में कई लोग शामिल थे।

Thecity news
5 Min Read

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले की जांच में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रणदीप मलिक ने रेहान का संपर्क अनिल पंडित से करवाया था। आरोपी कुणाल भी रणदीप के माध्यम से ही अनिल पंडित के संपर्क में आया था।

अभिनेताओं के घरों की तस्वीरें भेजीं

जांचकर्ताओं के मुताबिक, मुंबई में रेकी करने वाले आरोपियों ने अनिल पंडित और रणदीप मलिक को अभिनेताओं के घरों की तस्वीरें भेजी थीं। इनमें टाइगर श्रॉफ का फुटबॉल ग्राउंड और जुहू तथा बांद्रा की कई लोकेशन शामिल थीं।

आरे कॉलोनी में हथियार चलाने की प्रैक्टिस का सुझाव

पुलिस के अनुसार, फायरिंग से पहले हथियार चलाने की प्रैक्टिस करने और उसकी जांच के लिए आरोपी ऋतिक ने आरे कॉलोनी के जंगलों का सुझाव दिया था। मुंबई में लंबे समय तक रैपिडो चालक के तौर पर काम करने के कारण उसे इस इलाके की अच्छी जानकारी थी।

28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में आरोपी

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में हरियाणा से गिरफ्तार तीन आरोपियों को शुक्रवार को मुंबई की अदालत ने 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। अंकित उर्फ सरपंच राजेश खटक (18), समीर खत्री (19) और जतिन पांचाल (27) को 21 अक्टूबर को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया।

पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डीएस खेडकर की अदालत में आरोपियों को पेश कर विस्तृत पूछताछ के लिए हिरासत मांगी थी। पुलिस के मुताबिक, तीनों पर साजिश में शामिल होने, साजो-सामान की व्यवस्था करने, धन का लेनदेन करने और हथियार खरीदने में मदद करने का आरोप है।

अनिल पंडित ने ली थी हमले की जिम्मेदारी

पुलिस का आरोप है कि राजेश खटक ने मुख्य हमलावरों के साथ लक्षित ठिकानों की रेकी की और साजिश रचने में मदद की। जांचकर्ताओं के मुताबिक, वह वांछित आरोपी अनिल पंडित के सीधे संपर्क में था।

अमेरिका में रहने वाले 32 वर्षीय अनिल पंडित ने 18 अक्टूबर को हुए हमले की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली थी। पुलिस उसे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित तौर पर जुड़ा हुआ बता रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पहले पकड़े गए लोगों के साथ मिलकर टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। जांचकर्ताओं का दावा है कि वारदात में इस्तेमाल किए गए कारतूस और हथियार समीर खत्री तथा जतिन पांचाल ने मुहैया कराए थे। आरोप है कि उन्होंने फरार होने के लिए मोटरसाइकिल की व्यवस्था भी की थी।

सबूत मिटाने और विदेश भगाने की योजना का आरोप

जांचकर्ताओं के मुताबिक, वारदात के बाद सबूत नष्ट करने और आरोपियों को विदेश भगाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस हथियारों की बरामदगी के साथ यह पता लगाना चाहती है कि मुंबई में हथियार कैसे लाए गए, उनकी तस्करी में किन लोगों ने मदद की और किन रास्तों तथा वाहनों का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपियों के दूसरे राज्यों से संबंध होने के कारण जांच के सिलसिले में वहां भी जाना पड़ सकता है। साथ ही, यह पता लगाया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों के किसी अन्य संगठित अपराध गिरोह से संबंध तो नहीं हैं।

18 अक्टूबर को जुहू में हुई थी फायरिंग

मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। अभिनेता इस घटना में बाल-बाल बच गए, जबकि उनके चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे।

मुंबई पुलिस के अनुसार, कार पर पांच से छह गोलियां चलाई गई थीं। हमलावरों द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल अंधेरी में लावारिस मिली थी। पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक दस लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Share This Article