राहुल गांधी के वियतनाम दौरे पर बीजेपी का हमला, कांग्रेस ने भी किया पलटवार

Thecity news
3 Min Read

राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल उठाए, जबकि केसी वेणुगोपाल और फारूक अब्दुल्ला ने कांग्रेस नेता का बचाव किया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वियतनाम दौरे को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के दौरे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक रणनीति के लिए विदेशी ताकतों से संपर्क साध रही है। वहीं, कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बीजेपी के आरोपों का जवाब दिया।

‘चुनाव आयोग के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी’

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बीजेपी राहुल गांधी पर चाहे जितने हमले कर ले, कांग्रेस चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष लगातार इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतर रहा है।

वेणुगोपाल के मुताबिक, एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली आयोजित होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अब वोट चोरी नहीं होने देगी।

सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर लगाए आरोप

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी की दोबारा राजनीतिक छवि बनाने के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में विरोध-प्रदर्शनों के जरिए अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

त्रिवेदी ने राहुल गांधी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब वह योजना बनाकर कुछ नहीं करते। बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के राजनीतिक कदमों की योजना विदेश में बैठे लोग बनाते हैं और वह केवल उन्हें लागू करते हैं।

फारूक अब्दुल्ला ने किया राहुल गांधी का बचाव

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि देश की सत्ता बीजेपी के पास है। यदि राहुल गांधी का किसी विदेशी ताकत से संबंध है, तो सरकार को इसका खुलासा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना ठोस जानकारी के राहुल गांधी को बदनाम करना उचित नहीं है।

‘राहुल गांधी खुद बता चुके हैं कि उनकी लड़ाई इंडियन स्टेट से है’

फारूक अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि उनकी लड़ाई इंडियन स्टेट से है। बीजेपी सांसद ने कांग्रेस के इतिहास पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पार्टी राजनीतिक लाभ के लिए देश को नुकसान पहुंचाने वाली नीतियां अपनाती रही है।

इस बीच, दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन को लेकर भी राजनीतिक चर्चा जारी रही।

Share This Article