डीआरआई ने दो यात्रियों के बैग से 1.56 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक की रकम बरामद की, जिसे कपड़ों के बीच छिपाकर रखा गया था।
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मलेशिया के कुआलालंपुर जा रहे दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद की गई। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों यात्री इस रकम को कानूनी रूप से हासिल करने और विदेश ले जाने से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
कपड़ों के बीच छिपाई थी विदेशी मुद्रा
डीआरआई की हैदराबाद जोनल यूनिट को पुख्ता सूचना मिली थी कि एयरएशिया की कुआलालंपुर जाने वाली उड़ान से विदेशी मुद्रा बाहर ले जाई जा रही है। इसके आधार पर अधिकारियों ने एक पुरुष यात्री को रोका।
उसके केबिन बैगेज की तलाशी में 66,600 अमेरिकी डॉलर, 3,773 मलेशियाई रिंगित और 2 सिंगापुर डॉलर मिले। इनकी कुल कीमत करीब 63.62 लाख रुपये आंकी गई। विदेशी मुद्रा ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच काले प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखी गई थी।
पूछताछ के दौरान यात्री ने उसी उड़ान से यात्रा कर रही एक महिला के पास भी विदेशी मुद्रा होने की जानकारी दी। इसके बाद अधिकारियों ने महिला को रोककर उसके बैग की तलाशी ली। उसके पास से 97,600 अमेरिकी डॉलर मिले, जिनकी कीमत करीब 91.94 लाख रुपये बताई गई। यह रकम भी कपड़ों के बीच छिपाई गई थी।
कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों यात्री विदेशी मुद्रा के वैध स्रोत और उसे विदेश ले जाने से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद डीआरआई ने कस्टम अधिनियम, 1962 के तहत करीब 1.56 करोड़ रुपये की पूरी विदेशी मुद्रा और उसे छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए ट्रॉली बैग जब्त कर लिए।
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीआरआई ने उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। अब जांच की जा रही है कि विदेशी मुद्रा कहां से आई और उसे मलेशिया ले जाने का उद्देश्य क्या था।
22 अक्टूबर को हुई थी कार्रवाई
यह कार्रवाई 22 अक्टूबर को एयरएशिया की उड़ान एके-68 में सवार होने की तैयारी कर रहे यात्रियों के खिलाफ की गई थी। इसकी जानकारी शनिवार को दी गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

