तमिलनाडु की थेनी उप-जेल से फरार कैदियों की तलाश में 17 विशेष टीमें गठित, एक गिरफ्तार और पड़ोसी जिलों में सुरक्षा बढ़ाई गई।
तमिलनाडु की थेनी उप-जेल में सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात 17 कैदी कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी पर हमला करने के बाद जेल से फरार हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से एक कैदी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं।
कैसे फरार हुए 17 कैदी?
पुलिस के अनुसार, सभी 17 कैदी एक ही कोठरी में बंद थे। आरोप है कि जेल कर्मचारियों को एक कैदी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जब कर्मचारी कोठरी में पहुंचे, तो कैदियों ने उन पर हमला कर दिया और फिर फरार हो गए।
दक्षिण जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान एक फरार कैदी को गिरफ्तार किया गया है। बाकी कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर तलाश कर रही हैं।
तीन पुलिसकर्मी घायल
घटना के दौरान जेल में तैनात द्वितीय श्रेणी के पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में चोट आई। उन्हें जी विलाक्कू स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, दो अन्य जेल पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
पड़ोसी जिलों में चेक पोस्ट, पुलिस अलर्ट
फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जिलों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने बताया कि एहतियात के तौर पर जिले में 16 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
इडुक्की, मदुरै और डिंडीगुल जिलों की पुलिस को भी घटना की सूचना देकर सतर्क किया गया है। फरार कैदियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद के लिए उनकी तस्वीरें पुलिस अधिकारियों के बीच साझा की गई हैं।
मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस बाकी फरार कैदियों का पता लगाने में जुटी है। जेल से एक साथ 17 कैदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

