दिल्ली के जूता कारखाने में भीषण आग, दम घुटने से 4 लोगों की मौत; दो की हालत गंभीर

Thecity news
2 Min Read

मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात लगी आग पर 20 दमकल गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे बाद काबू पाया गया।

दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक जूते के कारखाने में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बचावकर्मियों को कारखाने के अंदर सभी छह लोग बेहोशी की हालत में मिले।

20 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात 9:32 बजे औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने 20 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा।

सभी छह लोगों को तत्काल मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो का इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है।

तहखाने में लगी थी आग

दमकल अधिकारी एडीओ पारस कुमार ने बताया कि कारखाने में जूते बनाए और रखे जाते हैं। आग सबसे पहले तहखाने में लगी थी। दमकलकर्मियों ने आग को तहखाने तक सीमित रखते हुए उसे दूसरी जगह फैलने से रोका।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से निकाला गया, जबकि पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से सुरक्षित बाहर लाया गया। आग पूरी तरह बुझा दी गई है और मौके पर शीतलन प्रक्रिया जारी है।

Share This Article