मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है। हार्दिक की सैलरी 18 करोड़, जबकि अर्शदीप को भी इतनी ही रकम मिलेगी।
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ी ट्रेड डील हुई है। हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पंजाब का साथ छोड़कर मुंबई इंडियंस पहुंच गए हैं। दोनों टीमों के बीच एक-एक खिलाड़ी की अदला-बदली हुई है।
इस ट्रेड के बाद दोनों खिलाड़ियों की सैलरी भी सामने आई है। हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स में 18 करोड़ रुपये मिलेंगे। इससे पहले मुंबई इंडियंस में उन्हें 16.35 करोड़ रुपये मिल रहे थे। वहीं, अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस 18 करोड़ रुपये देगी।
दूसरी बार मुंबई इंडियंस से अलग हुए हार्दिक
हार्दिक पांड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ की थी। वह कई सीजन तक इसी टीम का हिस्सा रहे। आईपीएल 2022 से पहले मुंबई ने उन्हें रिलीज कर दिया था, जिसके बाद वह गुजरात टाइटंस में शामिल हुए और टीम की कप्तानी संभाली।
हार्दिक की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने अपने पहले ही सीजन में आईपीएल खिताब जीता। इसके बाद 2023 में भी टीम फाइनल तक पहुंची। साल 2024 में हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें रोहित शर्मा की जगह टीम की कप्तानी सौंपी गई। अब दूसरी बार उनका मुंबई से साथ छूट गया है।
पहली बार पंजाब किंग्स से अलग हुए अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह ने 2019 में पंजाब किंग्स के साथ आईपीएल करियर शुरू किया था। तब से वह इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे थे। पिछले आठ सीजन में उन्होंने पंजाब के लिए 96 मैच खेले और 111 विकेट हासिल किए। वह पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं।
अब आईपीएल 2027 में अर्शदीप मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आएंगे। उनके अनुभव से मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
क्या हार्दिक बनेंगे पंजाब किंग्स के कप्तान?
हार्दिक के पंजाब किंग्स में शामिल होने के बाद सबसे बड़ा सवाल टीम की कप्तानी को लेकर है। फिलहाल श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हार्दिक टीम में खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे या उन्हें कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
आने वाले समय में पंजाब किंग्स की कप्तानी और टीम की रणनीति को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।

