आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के बीच उद्योगों को आकर्षित करने की होड़ तेज हो गई है। टीवीके ने निवेश, प्रोजेक्ट और रोजगार के आंकड़ों पर मुकाबले की बात कही।
आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के बीच उद्योगों और निवेश को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा अब राजनीतिक बहस में बदल गई है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के एक बयान पर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने प्रतिक्रिया दी है।
नायडू ने एक पत्रकार के सवाल के जवाब में कहा था, ‘तुम्हें मसाला चाहिए, मुझे नतीजे चाहिए।’ टीवीके ने इस टिप्पणी को तमिलनाडु पर तंज के तौर पर लिया और दोनों राज्यों को निवेश, लागू हो चुके प्रोजेक्ट और रोजगार के आंकड़ों पर मुकाबला करने की चुनौती दी।
CII समिट में पत्रकार के सवाल पर दिया था जवाब
यह मामला विशाखापत्तनम में आयोजित सीआईआई पार्टनरशिप समिट के दौरान शुरू हुआ। एक पत्रकार ने नायडू से पूछा था कि तमिलनाडु की कंपनियां आंध्र प्रदेश में अपने कारोबार का विस्तार क्यों कर रही हैं और उद्योगों को राज्य में बनाए रखने में राजनीतिक नेतृत्व की कितनी भूमिका होती है।
इस पर नायडू ने कहा, ‘तुम्हें मसाला चाहिए, मुझे नतीजे चाहिए।’
नायडू ने बताई निवेश आकर्षित करने की रणनीति
नायडू ने कहा कि सभी राज्य निवेश हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कंपनियां अपनी जरूरत और कारोबारी फायदे के हिसाब से जगह चुनती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि निवेश कैसे आकर्षित किया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने सीआईआई पार्टनरशिप समिट के 31 आयोजनों में से आठ बार आंध्र प्रदेश की मेजबानी का जिक्र किया।
नायडू ने उद्योगों को आकर्षित करने के लिए दी जाने वाली छूट और प्रोत्साहन का भी बचाव किया। उन्होंने विशाखापत्तनम में एक रुपये प्रति एकड़ की दर से जमीन देने के प्रस्ताव पर हुई आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि शुरुआती दौर में उद्योगों को अधिक प्रोत्साहन देना जरूरी होता है। औद्योगिक ढांचा मजबूत होने के बाद इन रियायतों को धीरे-धीरे कम किया जा सकता है।
TVK ने कहा- तमिलनाडु की औद्योगिक ताकत को कम न आंकें
नायडू के बयान पर टीवीके प्रवक्ता सत्य कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोगों को कम करके नहीं आंकना चाहिए। उनके मुताबिक, राज्य की औद्योगिक ताकत कई पीढ़ियों की मेहनत, कुशल कर्मचारियों, उद्यमियों, शिक्षा और तकनीकी विकास का परिणाम है।
सत्य कुमार ने दोनों राज्यों को निवेश हासिल करने, परियोजनाओं को जमीन पर उतारने और रोजगार पैदा करने के आंकड़ों पर मुकाबला करने की चुनौती दी। उन्होंने जनवरी 2027 में दावोस में होने वाली वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि तब तक दोनों राज्यों के प्रदर्शन की तुलना की जा सकती है।
उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु आंध्र प्रदेश से अधिक निवेश हासिल कर सकता है।
एक ही प्रोजेक्ट के लिए दोनों राज्यों में प्रतिस्पर्धा
दोनों राज्यों के बीच निवेश हासिल करने की होड़ पहले से जारी है। ब्राजील की इलेक्ट्रिकल उपकरण कंपनी डब्ल्यूईजी ने तमिलनाडु के धर्मपुरी में करीब 2,000 करोड़ रुपये की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने का प्रस्ताव चुना है। इस प्रोजेक्ट के लिए आंध्र प्रदेश ने भी कुप्पम का विकल्प पेश किया था। इससे करीब 3,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
वहीं, विशाखापत्तनम में सीआईआई समिट के दौरान किआ इंडिया ने आंध्र प्रदेश में 2 अरब डॉलर के निवेश से नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने की योजना का ऐलान किया है। इससे करीब 12 हजार नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है।
तमिलनाडु में ऑटोमोबाइल और उससे जुड़े उद्योगों का मजबूत आधार है। राज्य के मुताबिक, दक्षिण कोरिया की ऑटो कंपोनेंट कंपनियों ह्वाशिन और सियॉन ने अगले पांच वर्षों में कुल 1,370 करोड़ रुपये के नए निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।

