देशभर में करीब 11 करोड़ लोगों के छठ मनाने का अनुमान है। इस दौरान फल, पूजा सामग्री, कपड़ों और स्थानीय सेवाओं से जुड़े कारोबार को बड़ा बढ़ावा मिल सकता है।
छठ महापर्व को सूर्य उपासना, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने वाले पर्व के रूप में जाना जाता है। लेकिन धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ यह त्योहार देश की अर्थव्यवस्था, खासकर स्थानीय बाजारों और छोटे कारोबारियों के लिए भी बड़ा अवसर लेकर आता है।
इस साल देशभर में करीब 11 करोड़ लोगों के छठ मनाने का अनुमान है। वहीं, इस महापर्व के दौरान विभिन्न राज्यों में कुल 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की संभावना जताई गई है। यह आंकड़ा दिखाता है कि त्योहारों का असर सामाजिक जीवन के साथ-साथ बाजार, रोजगार और स्थानीय उत्पादन पर भी पड़ता है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के आकलन के मुताबिक, छठ पूजा के दौरान सबसे ज्यादा कारोबार बिहार में होने की संभावना है। यहां करीब 20 हजार करोड़ रुपये के व्यापार का अनुमान है। दिल्ली में लगभग 12 हजार करोड़ और झारखंड में करीब 7 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। अन्य राज्यों में कुल मिलाकर लगभग 26 हजार करोड़ रुपये के व्यापार की संभावना जताई गई है।
यह आकलन कैट की सनातन अर्थव्यवस्था पर चल रही अध्ययन परियोजना का हिस्सा है। इसके तहत त्योहारों और शादी-विवाह जैसे आयोजनों से पैदा होने वाली आर्थिक गतिविधियों का अध्ययन किया जाता है।
बिहार-झारखंड के साथ दिल्ली-एनसीआर भी बड़ा बाजार
छठ पूजा का सबसे व्यापक आयोजन बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में होता है। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं और पूजा से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी करते हैं। हालांकि, अब यह पर्व इन राज्यों तक सीमित नहीं है। दिल्ली-एनसीआर में पूर्वांचल से आए लोगों की बड़ी आबादी के कारण छठ से जुड़ा बाजार तेजी से विस्तार कर चुका है।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद प्रवीन खंडेलवाल के अनुसार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी छठ बड़े स्तर पर मनाया जाता है। इन राज्यों में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रवासी समुदायों की मौजूदगी के कारण पूजा सामग्री, फल, कपड़े और अन्य जरूरी सामानों की मांग बढ़ती है।
छठ के आयोजन से कई क्षेत्रों में एक साथ आर्थिक गतिविधियां तेज होती हैं। घाटों की सफाई, अस्थायी घाटों का निर्माण, टेंट, रोशनी, सुरक्षा और परिवहन जैसी व्यवस्थाओं पर खर्च होता है। इसके अलावा खानपान और स्थानीय सेवाओं से जुड़े कारोबारियों को भी अतिरिक्त काम मिलता है। राज्य सरकारों और नगर निकायों की ओर से घाटों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं से भी स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं।
बांस कारीगरों से किसानों और कुम्हारों तक को मिलता है रोजगार
छठ पूजा की तैयारियों में पारंपरिक वस्तुओं की अहम भूमिका होती है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, दउरा, डलिया और टोकरियों की मांग बढ़ने से बांस शिल्प से जुड़े कारीगरों और उनके परिवारों को रोजगार मिलता है।
इसी तरह केला, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और सब्जियों की खरीदारी से किसानों, थोक विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों को फायदा पहुंचता है। पूजा के प्रसाद में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की मांग भी कई कारोबारों को गति देती है।
ठेकुआ बनाने के लिए गुड़, गेहूं का आटा और घी जैसे उत्पादों की मांग बढ़ती है। दूध, चावल और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री में भी तेजी आती है। इसके साथ ही मिट्टी के दीये, चूल्हे, कलश, बर्तन और पत्तल बनाने वाले कुम्हारों तथा कुटीर उद्योगों से जुड़े लोगों को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलता है।
साड़ियों और पारंपरिक कपड़ों, फूल-मालाओं, अगरबत्ती, कपूर और पूजा सामग्री की बिक्री भी त्योहार के दौरान बढ़ जाती है। इस तरह छठ पूजा का आर्थिक प्रभाव छोटे दुकानदारों से लेकर किसानों, कारीगरों और सेवा क्षेत्र तक दिखाई देता है।

