यूपी चुनाव से पहले सीट बंटवारे की तैयारी तेज, अमित शाह ने संभाली कमान

Thecity news
3 Min Read

बीजेपी ने निषाद पार्टी, सुभासपा, अपना दल और आरएलडी से बातचीत शुरू की है। दिसंबर में गठबंधन के सीट बंटवारे पर मुहर लग सकती है।

उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे की कवायद तेज कर दी है। इस पूरी प्रक्रिया की कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाल ली है। बीजेपी ने गठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं से बातचीत भी शुरू कर दी है।

शुक्रवार को दिल्ली में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने अमित शाह से मुलाकात की। इस बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई।

बीजेपी की कोशिश है कि चुनाव से पहले एनडीए के सभी सहयोगी दलों के साथ सीटों को लेकर सहमति बना ली जाए। इसके लिए आने वाले दिनों में गठबंधन के अन्य दलों के नेताओं के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं। जल्द ही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात हो सकती है। इसके अलावा अपना दल और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्षों से भी बातचीत की तैयारी है।

पिछले चुनाव से ज्यादा सीटें मांग रहे सहयोगी दल

बीजेपी के सहयोगी दल इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। गठबंधन में शामिल दलों का मानना है कि उनकी राजनीतिक ताकत और अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभाव के हिसाब से उन्हें अधिक सीटें मिलनी चाहिए।

ऐसे में बीजेपी के सामने सहयोगियों की मांग और चुनावी समीकरणों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी। निषाद पार्टी, सुभासपा, अपना दल और आरएलडी की उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अहम भूमिका मानी जाती है। बीजेपी भी इन दलों को साथ लेकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।

दिसंबर में सीट बंटवारे पर लग सकती है मुहर

बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। माना जा रहा है कि नवंबर में अलग-अलग सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठकों के बाद दिसंबर में सीट बंटवारे पर बातचीत को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसी महीने गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे पर मुहर लगने की संभावना है।

इस पूरी प्रक्रिया में अमित शाह की भूमिका अहम रहने वाली है। बीजेपी की कोशिश है कि सीटों को लेकर किसी भी तरह का मतभेद चुनाव से पहले ही दूर कर लिया जाए, ताकि गठबंधन एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुट सके।

Share This Article