पंजाब में आधी रात सीमा पार कर भारत में घुसा पाकिस्तानी युवक, BSF की कार्रवाई में ढेर

Thecity news
2 Min Read

पठानकोट में उझ नदी के पास घुसपैठ की कोशिश नाकाम, जवानों की चेतावनी के बावजूद भारतीय सीमा में आगे बढ़ रहा था युवक

पाकिस्तान की ओर से भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश एक बार फिर नाकाम कर दी गई है। पंजाब के पठानकोट में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। यह घटना गुरुवार रात करीब दो बजे की बताई जा रही है।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना पठानकोट में उझ नदी के किनारे स्थित बीओपी पहाड़ीपुर पोस्ट के पास हुई। घुसपैठिया कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में करीब 120 मीटर अंदर तक पहुंच गया था।

चेतावनी के बाद भी आगे बढ़ता रहा घुसपैठिया

अधिकारियों के अनुसार, घुसपैठिए की उम्र करीब 20 साल थी। बीएसएफ के जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह इसके बावजूद भारतीय सीमा की ओर आगे बढ़ता रहा। इसके बाद जवानों ने गोलीबारी की, जिसमें उसकी मौत हो गई।

नदी किनारे के इलाके में हुई घटना

जिस स्थान पर घुसपैठ की कोशिश हुई, वह उझ नदी के किनारे का इलाका है। यहां सीमा की सुरक्षा के लिए तकनीकी उपकरणों से लैस स्मार्ट बाड़ लगाई गई है। बीएसएफ के जवान इस क्षेत्र में निगरानी रखते हैं, ताकि सीमा पार से होने वाली घुसपैठ की कोशिशों को रोका जा सके।

Share This Article