अमेरिका से भारत आए श्यामुअल ने बदला नाम, अब श्याम दास बनकर बघेली में कर रहे प्रणाम

Thecity news
3 Min Read

सनातन संस्कृति से प्रभावित होकर अपनाई भारतीय जीवनशैली, शिव, श्रीराम और हनुमान की भक्ति के साथ रीवा के गांवों में बिता रहे समय

अमेरिका से भारत आए श्यामुअल अब श्याम दास के नाम से पहचाने जाते हैं। सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर उन्होंने न सिर्फ अपना नाम बदला, बल्कि अपनी जीवनशैली में भी बड़ा बदलाव किया है। भगवान शिव, श्रीराम और हनुमान के भक्त बने श्याम दास इन दिनों मध्य प्रदेश के रीवा में हैं। यहां की ग्रामीण संस्कृति, परंपराओं और बघेली बोली ने उन्हें खासा प्रभावित किया है।

संस्कृत के श्लोक और हिंदी में पूजा-पाठ

श्याम दास अब संस्कृत के श्लोकों का पाठ करते हैं और हिंदी में पूजा-पाठ करते हैं। उन्होंने शाकाहारी जीवनशैली भी अपना ली है। उनकी इच्छा भारत को ही अपना घर बनाने की है। सनातन संस्कृति के प्रति उनका लगाव उनकी बदली हुई दिनचर्या और पहनावे में भी दिखाई देता है।

ऋषिकेश में हुई थी रीवा के युवक से मुलाकात

श्याम दास की मुलाकात ऋषिकेश में रीवा निवासी कुलदीप द्विवेदी से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और कुलदीप के आमंत्रण पर वह रीवा पहुंच गए। उनका उद्देश्य सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के गांवों को करीब से देखना और भारतीय ग्रामीण जीवनशैली को समझना भी था।

गांवों के माहौल और लोगों के व्यवहार ने जीता दिल

रीवा पहुंचने के बाद श्याम दास को यहां की ग्रामीण संस्कृति और परंपराएं काफी पसंद आईं। मिट्टी से लिपे आंगन, प्राकृतिक वातावरण और लोगों का सहज व्यवहार उन्हें आकर्षित कर रहा है। उनके मित्र कुलदीप के मुताबिक, श्याम दास का मानना है कि अमेरिका में इस तरह के प्राकृतिक और ग्रामीण माहौल का अनुभव करने के लिए भी लोगों को पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि भारत के गांवों में यह सब सहज रूप से देखने को मिलता है।

अब सीख रहे बघेली भाषा

श्याम दास अब रीवा के स्थानीय लोगों के बीच घुल-मिल रहे हैं। अंग्रेजी बोलने वाले श्यामुअल बघेली भाषा भी सीख रहे हैं और स्थानीय लोगों का अभिवादन इसी बोली में करते हैं। उनका भारतीय पहनावा, सनातन संस्कृति के प्रति लगाव और स्थानीय भाषा सीखने का उत्साह गांव के लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Share This Article