परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन का विरोध, खरगे बोले- लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा

Thecity news
4 Min Read

कांग्रेस अध्यक्ष ने एससी-एसटी के हितों और नई जनगणना को लेकर उठाए सवाल, किरेन रिजिजू ने विपक्ष से राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन की अपील की।

परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि INDIA गठबंधन केंद्र सरकार के परिसीमन संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करेगा। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया और आरोप लगाया कि इसमें अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है।

खरगे के मुताबिक, INDIA गठबंधन के सभी दलों के नेताओं ने बैठक में इस विधेयक का विरोध करने का फैसला किया है। उन्होंने सरकार की ‘800 पार’ की बात पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले चुनाव में ‘400 पार’ का नारा दिया गया था और अब सीटें बढ़ाकर सत्ता अपने हाथ में रखने की कोशिश की जा रही है।

एससी-एसटी की सीटों और नई जनगणना पर उठाए सवाल

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि संविधान के अनुसार एससी-एसटी वर्ग के लिए सीटों की संख्या बढ़नी चाहिए, लेकिन प्रस्तावित विधेयक में इसका कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आने वाली नई जनगणना को लेकर विधेयक में स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

खरगे का कहना है कि अगर परिसीमन नई जनगणना के आधार पर किया जाता है तो एससी-एसटी वर्ग को उनकी बढ़ी हुई आबादी के अनुपात में सीटों का लाभ मिल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस वर्ग को उसका अधिकार नहीं देना चाहती।

चुनाव आयोग को जिम्मेदारी देने पर भी जताई आपत्ति

कांग्रेस अध्यक्ष ने परिसीमन की जिम्मेदारी चुनाव आयोग को सौंपे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग ने 10 करोड़ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए हैं और ऐसे में उसे परिसीमन की जिम्मेदारी देना स्वीकार्य नहीं है।

खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में परिसीमन की प्रक्रिया होने पर गड़बड़ियों की आशंका है। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक फायदे के लिए भौगोलिक क्षेत्रों में बदलाव किए गए।

पार्टियों को तोड़ने के बाद सत्र बुलाने का आरोप

खरगे ने केंद्र सरकार पर विपक्षी दलों को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली बार विधेयक लाने की कोशिश सफल नहीं हुई थी। अब टीएमसी, एनसीपी और शिवसेना में टूट के बाद सरकार को लगता है कि उसके पास पर्याप्त संख्याबल है, इसलिए संसद का सत्र बुलाया जा रहा है।

किरेन रिजिजू ने विपक्ष से समर्थन की अपील की

दूसरी ओर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद कांग्रेस को अपना पुराना रुख और सोच बदलनी चाहिए। रिजिजू ने विपक्ष से राजनीति को अलग रखकर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संसद में मिलकर काम करने का आग्रह किया।

रिजिजू के मुताबिक, विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना और जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना है। उन्होंने दावा किया कि प्रस्ताव में हर राज्य और एससी-एसटी सहित सभी समुदायों के हितों का ध्यान रखा गया है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर कोई इस पहल का विरोध करता है तो देश की महिलाएं और जनता उसे माफ नहीं करेगी।

Share This Article