किसानों तक एआई तकनीक पहुंचाने का लक्ष्य, गडकरी बोले- अगले एग्रोविजन से पहले 5,000 किसानों को दें प्रशिक्षण

Thecity news
5 Min Read

एग्रोविजन 2026 में केंद्रीय मंत्री ने कृषि की लागत घटाने, उत्पादन बढ़ाने और जल संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री और एग्रोविजन के मुख्य प्रवर्तक नितिन गडकरी ने कहा कि कृषि की उत्पादन लागत कम करने और पैदावार बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल जरूरी है। अगले एग्रोविजन से पहले कम से कम 5,000 किसानों तक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

नागपुर में आयोजित कृषि प्रदर्शनी ‘एग्रोविजन 2026’ और जल सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर गडकरी ने कहा कि सिंचाई की कमी, कपास की बढ़ती उत्पादन लागत और किसानों की आर्थिक परेशानियों को दूर करने के उद्देश्य से 16 वर्ष पहले एग्रोविजन की शुरुआत की गई थी।

उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि ऊर्जादाता, ईंधनदाता और हाइड्रोजनदाता भी बनें। आज इस सपने को साकार होते देखकर संतोष हो रहा है। किसानों को प्रशिक्षण, ज्ञान और आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना ही एग्रोविजन का उद्देश्य है।

गडकरी ने कहा कि किसानों के बच्चों को रोजगार मिले और किसी किसान के सामने आत्महत्या जैसी नौबत न आए, इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

किसान संरक्षण आयोग और फास्ट ट्रैक अदालतों की मांग

पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने एग्रोविजन की 17 वर्षों की यात्रा की सराहना की। उन्होंने किसानों के साथ होने वाली धोखाधड़ी रोकने के लिए किसान संरक्षण आयोग बनाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था करने की मांग की।

कार्यक्रम में गडकरी की संकल्पना पर गन्ने की खेती और प्रसंस्करण आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

एग्रोविजन में 30 नवंबर तक कृषि प्रदर्शनी

एग्रोविजन राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी 27 से 30 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक किसानों के लिए विभिन्न कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। पहले दिन प्रदर्शनी के स्टॉलों पर किसानों और अन्य लोगों की भीड़ देखने को मिली।

28 नवंबर को सुबह 11 बजे ‘सूखे की स्थिति में पशुपालन एवं चारे का नियोजन’ विषय पर कार्यशाला होगी। दोपहर 2 बजे ‘बायोचार एवं जैविक घटकों के माध्यम से मिट्टी में कार्बन का सुधार’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा।

एग्रोविजन किसानों की प्रगति का इंजन : जायसवाल

कृषि राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने कहा कि एग्रोविजन किसानों की प्रगति का इंजन साबित हुआ है। इस पहल ने नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलने का काम किया है। उन्होंने तामसवाड़ा मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जल संरक्षण के कार्यों को नई प्रेरणा मिली है।

जायसवाल के मुताबिक, राज्य में बड़े पैमाने पर नाला गहरीकरण और जल संधारण के काम शुरू किए गए हैं। तिरपाल से बनाए गए अस्थायी बांधों के प्रयोग से गेहूं की फसल को भी काफी लाभ हुआ है।

पानी की एक-एक बूंद बचाने पर जोर

गडकरी ने जल संरक्षण के लिए कहा कि घर का पानी घर में, खेत का पानी खेत में और गांव में होने वाली बारिश का पानी उसी गांव में संग्रहित करने की योजना बननी चाहिए। पानी की एक भी बूंद बर्बाद नहीं होनी चाहिए। जल भंडारण बढ़ाने के लिए हर बूंद को सहेजना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने नदी से निकाली गई गाद का उपयोग सड़क निर्माण में बिना रॉयल्टी करने की अनुमति देने संबंधी शासनादेश जारी किया है।

जल सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर मृदा एवं जल संधारण मंत्री संजय राठौड़ ने बांधों के संरक्षण की जिम्मेदारी उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार कई बांध बनाती है, लेकिन उचित देखभाल नहीं होने से उनकी जल संग्रहण क्षमता कम हो जाती है। किसानों को इन बांधों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

राठौड़ ने गडकरी से अनुरोध किया कि जल संरक्षण कार्यों के लिए बिहार सरकार के साथ हुए समझौते की तरह महाराष्ट्र सरकार के साथ भी समझौता किया जाए।

कार्यक्रम में आईसीआरआईसैट के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक, डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. शरद गडाख, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय और माफसू की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर, एग्रोविजन सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. सीडी मायी, आयोजन सचिव रवि बोरटकर और रमेश मानकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Share This Article