हादसे में एक बच्चे समेत चार लोगों ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा, कई यात्री घायल; मृतकों में बहन और भांजा भी शामिल।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार सुबह मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
चार यात्रियों की मौत, कई घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोग और राहगीर घायलों की मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन चार यात्रियों को बचाया नहीं जा सका। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे की आधिकारिक वजह भी सामने नहीं आई है।
बहन और भांजे की मौत से परिवार में मातम
हादसे में जान गंवाने वालों में एक व्यक्ति की बहन और भांजा भी शामिल हैं। पीड़ित परिजन ने बताया कि दोनों स्टेशन से मुरादाबाद के सदूपुरा गांव स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लदावली गांव के पास उनकी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई।
परिजन के मुताबिक, उन्हें हादसे की जानकारी मिलने पर बहन और भांजे की मौत का पता चला। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना किसकी गलती से हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी थी।
अस्पताल पहुंचने पर चारों को मृत घोषित किया
जिला अस्पताल के डॉक्टर नीरज अग्रवाल ने बताया कि शनिवार सुबह चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें एक बच्चा भी शामिल था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल अन्य यात्रियों का इलाज जारी है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर किसकी गलती से हुई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
कन्नौज में भी सड़क हादसे में गई थी चार बच्चों की जान
इससे पहले उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्कूली बच्चों को ले जा रही बस हादसे का शिकार हो गई थी। कौशांबी से बच्चों को पिकनिक पर लेकर बस आगरा गई थी और मंगलवार को लौटते समय एक्सप्रेसवे पर खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी थी।
हादसे के समय बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। पुलिस के मुताबिक, आगरा से लखनऊ की ओर एक्सप्रेसवे पर 209वें किलोमीटर के पास ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मारी थी। इस दुर्घटना में चार बच्चों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में मृत घोषित किया गया था। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

