सीएफओ जुगेशिंदर सिंह ने कहा, देश में हवाई यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ उड़ानों की क्षमता भी करीब 30 हजार तक पहुंचानी होगी।
अडानी ग्रुप अब एयरलाइन कारोबार में निवेश की संभावनाएं तलाश रहा है। ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) जुगेशिंदर ‘रॉबी’ सिंह ने बताया कि समूह ने एविएशन सेक्टर में निवेश के लिए सरकार से अनुमति मांगी है। यह निवेश किसी फंड के जरिए, दूसरी एयरलाइन कंपनी में हिस्सेदारी लेकर या इस क्षेत्र में उतरने के इच्छुक उद्यमी के साथ साझेदारी करके किया जा सकता है।
‘इंडिया डेट कैपिटल मार्केट्स कॉन्फ्रेंस’ में सिंह ने कहा कि भारत में 60 करोड़ से अधिक लोगों के हवाई यात्रा करने की संभावना है। इस मांग को पूरा करने के लिए मौजूदा उड़ानों की संख्या करीब 10 गुना बढ़ाकर 30,000 तक ले जाने की जरूरत होगी।
पहले एयरलाइन कारोबार में उतरने से किया था इनकार
इस साल जुलाई में अडानी ग्रुप ने कहा था कि वह एयरलाइन कारोबार में उतरने के किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रहा है। इसके बाद 3 नवंबर को अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के सीईओ अरुण बंसल ने भी एयरलाइन सेक्टर में प्रवेश की संभावना खारिज की थी। उनका कहना था कि अपने ही ग्राहकों के साथ प्रतिस्पर्धा करना अच्छी रणनीति नहीं होगी।
देश के आठ हवाई अड्डों का संचालन करता है समूह
अडानी ग्रुप फिलहाल देश में आठ हवाई अड्डों का संचालन करता है। इनमें मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और गुवाहाटी के एयरपोर्ट शामिल हैं। समूह के मुताबिक, देश के कुल हवाई यात्रियों में एक-चौथाई से अधिक यात्री इन हवाई अड्डों से होकर गुजरते हैं।
देश के एयरलाइन बाजार में फिलहाल इंडिगो और टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली एयर इंडिया का दबदबा है। दोनों कंपनियों के पास घरेलू एविएशन मार्केट का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा है। ऐसे में अडानी ग्रुप को एयरलाइन सेक्टर में निवेश की अनुमति मिलने पर बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।
इस वित्त वर्ष 2.2 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत खर्च का अनुमान
सीएफओ जुगेशिंदर सिंह ने बताया कि अडानी ग्रुप का पूंजीगत खर्च चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 41 प्रतिशत से अधिक बढ़कर करीब 2.2 लाख करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि समूह की सालाना 4.5 लाख करोड़ से 5 लाख करोड़ रुपये तक निवेश करने की वित्तीय क्षमता है, लेकिन बड़े प्रोजेक्ट्स को जमीन पर उतारने की क्षमता फिलहाल सीमित है।
समूह ने वित्त वर्ष 2025-26 में 1.56 लाख करोड़ रुपये, 2024-25 में 1.10 लाख करोड़ रुपये और 2023-24 में 80,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया था।
घरेलू बाजार से जुटाएगा पूंजी का 70-75 प्रतिशत हिस्सा
सिंह के मुताबिक, अडानी ग्रुप अपनी कुल पूंजी की जरूरत का 70 से 75 प्रतिशत हिस्सा घरेलू पूंजी बाजार से जुटाने की योजना बना रहा है। फिलहाल समूह की कुल फंडिंग में घरेलू वित्तपोषण की हिस्सेदारी लगभग 56 प्रतिशत है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार से फंड जुटाने के विकल्प पर उन्होंने संकेत दिया कि समूह वित्त वर्ष 2027-28 में डॉलर में सार्वजनिक बॉन्ड जारी करने पर विचार कर सकता है। इनमें 20 साल की अवधि वाले बॉन्ड भी शामिल हो सकते हैं।
3.3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा समूह का सकल कर्ज
सीएफओ ने बताया कि समूह की कंपनियों पर करीब 60 करोड़ डॉलर का कर्ज है, जिसकी अवधि जल्द पूरी होने वाली है। कंपनियों के पास इसे चुकाने के लिए पर्याप्त नकदी मौजूद है, हालांकि कर्ज के कुछ हिस्से का पुनर्वित्तपोषण भी किया जा सकता है।
सिंह के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में समूह को लगभग 1.3 लाख करोड़ से 1.4 लाख करोड़ रुपये तक कर्ज लेने की जरूरत पड़ सकती है। अगले वित्त वर्ष में भी कर्ज की जरूरत लगभग इतनी ही रहने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि समूह का कुल सकल कर्ज करीब 3.2 लाख करोड़ से 3.3 लाख करोड़ रुपये है और नेट डेट-टू-ईबीआईटीडीए अनुपात 2.8 से 3 गुना के बीच है। पूंजी जुटाने की लागत 2019 की तुलना में लगभग 1.8 प्रतिशत कम हुई है।
सिंह ने यह भी कहा कि भारत के व्यापार समझौतों से समूह के एयरपोर्ट और पोर्ट कारोबार को अप्रत्यक्ष रूप से फायदा मिल सकता है।

