दिल्ली के फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के सरकारी आवास को देखने के लिए टिकट की कीमत करीब 20 रुपये हो सकती है।
दिल्ली की बीजेपी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सरकारी बंगले को आम लोगों के लिए खोल दिया है। बंगले के बाहर ‘शीशमहल’ नाम का बोर्ड लगाया गया है। सरकार की ओर से इसकी कुल कीमत 58 करोड़ 83 लाख 66 हजार 314 रुपये बताई गई है। बंगले के अलग-अलग हिस्सों और इंटीरियर में इस्तेमाल किए गए सामान की कीमतों का भी विवरण दिया गया है।
बंगले के अंदर हर सामान पर लगा है प्राइस टैग
शीशमहल के अंदर बेड, सोफा, टेबल और अन्य सामान पर कीमतों के टैग लगाए गए हैं। डाइनिंग टेबल और कुर्सियों की कीमत 30.52 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, पर्दों की कीमत 5 लाख और झूमर की कीमत 11 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा स्लाइडिंग दरवाजे वाली बैठक की कीमत 41.16 लाख रुपये बताई गई है। पाउडर रूम की कीमत 5.80 लाख रुपये और लॉबी एरिया की कीमत 7.58 लाख रुपये बताई गई है। किचन में सामान ऊपर-नीचे ले जाने के लिए लगाई गई डंबवेटर लिफ्ट की कीमत 7 लाख रुपये बताई गई है।
करीब 20 रुपये हो सकता है प्रवेश टिकट
पूर्व मुख्यमंत्री के इस सरकारी बंगले को देखने के लिए टिकट की कीमत करीब 20 रुपये हो सकती है। वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के छात्रों को मुफ्त प्रवेश देने की योजना है। दिल्ली सरकार इसे कुछ समय तक आम लोगों के लिए खुला रखने की तैयारी में है।
इसके बाद बंगले को एक निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की योजना है। कंपनी यहां सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकों का आयोजन कर सकती है।
2015 से 2024 तक परिवार के साथ रहे थे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री रहते हुए 2015 से 2024 तक इसी बंगले में अपने परिवार के साथ रहे थे। दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पहले जानकारी दी थी कि शीशमहल को आम लोगों के देखने के लिए खोला जाएगा।
उन्होंने कहा था कि जनता की मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। मंत्री ने इसे भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए आरोप लगाया था कि एक तरफ केजरीवाल सरकारी वाहन का इस्तेमाल नहीं करने की बात करते थे, वहीं दूसरी तरफ कई अन्य घरों को ध्वस्त करके अपने लिए आलीशान आवास बनवाया गया।

