ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के लिए एशेज सीरीज 2025-26 समय से पहले समाप्त हो गई है। शुरुआती दो टेस्ट मैचों में वह उपलब्ध नहीं थे, जबकि तीसरे टेस्ट में उन्होंने वापसी की। ऑस्ट्रेलिया ने लगातार तीन टेस्ट जीतकर सीरीज पर कब्जा जरूर कर लिया, लेकिन अब कमिंस शेष दो टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे।
चौथे टेस्ट से पहले ही पैट कमिंस को टीम से बाहर कर दिया गया है। हालांकि वह चोट से उबर चुके हैं, लेकिन लॉन्ग टर्म फिटनेस को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट से फिलहाल दूर रखने का फैसला किया है। यह फैसला ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 पर भी मंडराया खतरा
फरवरी-मार्च 2026 में भारत और श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप को लेकर भी पैट कमिंस की उपलब्धता संदिग्ध है। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के सिलेक्टर्स और मेडिकल स्टाफ उन्हें इस बड़े टूर्नामेंट से दूर रहने की सलाह दे सकते हैं।
बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए घोषित ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी पैट कमिंस को शामिल नहीं किया गया है। हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने बताया कि कमिंस की सीरीज एक ही मैच तक सीमित रही, लेकिन उसी मैच ने एशेज जीत में अहम भूमिका निभाई।
लम्बर स्ट्रेस रिएक्शन बना बड़ी वजह
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 फाइनल के बाद वेस्टइंडीज दौरे के दौरान कमिंस को लम्बर स्ट्रेस रिएक्शन की समस्या हुई थी। हालांकि आक्रामक रिहैब प्रोग्राम के बाद उन्होंने एडिलेड टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके और टीम को 82 रन से जीत दिलाई।
कोच मैकडोनाल्ड ने कहा,
“हम रिस्क ले रहे थे, लेकिन अब सीरीज जीत चुकी है। पैट की लंबी सेहत ज्यादा अहम है, इसलिए उन्हें आगे जोखिम में नहीं डालना चाहते।”
T20I क्रिकेट से लंबे समय से दूर
पैट कमिंस ने 2024 में कैरेबियन और अमेरिका में हुए T20 वर्ल्ड कप के बाद से एक भी T20I मैच नहीं खेला है। T20 वर्ल्ड कप 2026 के तुरंत बाद IPL 2026 शुरू होगा, जहां कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की कप्तानी करते नजर आएंगे।
T20 वर्ल्ड कप को लेकर मैकडोनाल्ड ने कहा कि कमिंस की फिटनेस का दोबारा आकलन किया जाएगा और स्कैन रिपोर्ट के आधार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। फिलहाल उनकी भागीदारी को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है।

