अयोध्या से आगरा आ रही ट्रैवलर बस फतेहाबाद क्षेत्र में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से आगरा आ रही एक मिनी बस ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 37.100 पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
दो यात्रियों को अस्पताल में मृत घोषित किया
जानकारी के मुताबिक, बस चालक धीरज पाटिल पुत्र सुरेश गुजरात के सूरत स्थित लक्ष्मी नारायण सोसायटी के निवासी हैं। हादसे की सूचना मिलने पर यूपीडा की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव दल ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रदीप पुत्र किशन (53) और जनक बेन पत्नी कीरत सिंह (58) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल करीब एक दर्जन यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में लगी थी आग
इससे पहले शनिवार तड़के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भी एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही बस में रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। घटना राया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास हुई।
बस में उस समय 40 यात्री सवार थे। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई। चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

