अलीगढ़ में आयोजित समारोह में मेघना चौधरी और अंतरा त्यागी के साथ दोनों भाइयों की सगाई होगी, कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते और उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह तथा उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई का समारोह आज शनिवार को अलीगढ़ में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम ताला नगरी स्थित मैदान में होगा।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के शामिल होने का कार्यक्रम बताया जा रहा है। इसके अलावा दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के भी पहुंचने की संभावना है।
स्कूल की दोस्त मेघना से होगी संदीप की सगाई
संदीप सिंह की सगाई उनकी स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी से होगी। बताया जाता है कि दोनों की पहली मुलाकात अलीगढ़ के एक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मेघना का परिवार गौंड़ा क्षेत्र का रहने वाला है।
वहीं, संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी के साथ होगी। एक ही दिन परिवार में दो मांगलिक आयोजन होने के कारण समारोह बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
मेहमानों के लिए खास इंतजाम
सगाई समारोह के लिए अलीगढ़ में भव्य तैयारियां की गई हैं। मेहमानों के स्वागत, खान-पान और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मैदान में महलनुमा विशाल पंडाल तैयार किए गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, खान-पान की व्यवस्था संभालने के लिए सात रसोईघर बनाए गए हैं। वहीं, सुरक्षा के लिए सैकड़ों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
26 नवंबर को शादी, 27 को रिसेप्शन
सगाई के बाद दोनों भाइयों की शादी 26 नवंबर को दिल्ली के द लीला होटल में होगी। इसके अगले दिन 27 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।
रिसेप्शन में देश के कई बड़े नेताओं और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। कल्याण सिंह का परिवार उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। अयोध्या में राम जन्मभूमि की ओर जाने वाले मार्ग का नाम भी योगी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखने का फैसला किया था।

