भोपाल-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट में तकनीकी खराबी, जयपुर डायवर्ट

Thecity news
3 Min Read

इंजन में गड़बड़ी की सूचना के बाद AI1886 का रूट बदला गया, जयपुर एयरपोर्ट पर कराई गई एहतियाती इमरजेंसी लैंडिंग

भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI1886 में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी सामने आ गई। इंजन में गड़बड़ी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा के लिहाज से विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान की एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

एयर इंडिया की यह फ्लाइट भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से सुबह 8:47 बजे रवाना हुई थी, जबकि इसका निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 8:25 बजे था। विमान को तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:55 बजे दिल्ली पहुंचना था।

उड़ान के दौरान इंजन में आई खराबी

उड़ान के दौरान इंजन में तकनीकी समस्या का पता चलने के बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी एटीसी से संपर्क किया। इसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान का रूट जयपुर की ओर मोड़ दिया गया।

जयपुर एयरपोर्ट पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए और विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के बाद ग्राउंड स्टाफ और एयरलाइन की टेक्निकल टीम विमान की जांच में जुट गई।

विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

इंडिगो फ्लाइट की भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

इससे पहले लखनऊ से सऊदी अरब के दम्माम जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E97 को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। हालांकि, जांच के दौरान विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

फ्लाइट ने शाम करीब 5:45 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड किया। विमान में सवार सभी 107 यात्रियों और 6 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित उतार लिया गया।

अहमदाबाद एयरपोर्ट पुलिस के इंस्पेक्टर एडी चावड़ा के मुताबिक, उड़ान के दौरान एक क्रू मेंबर को एक कागज मिला था, जिस पर ‘बम’ लिखा हुआ था। इसके बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान को अहमदाबाद डायवर्ट करने का फैसला लिया।

Share This Article