आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म ‘ऐल्फा’ ने रिलीज के 21 दिन बाद दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म अब भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी है। लगभग 100-125 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अभी तक अपना लागत मूल्य भी नहीं निकाल पाई है।
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘ऐल्फा’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 21 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन फिल्म की कमाई अब भी उम्मीदों से काफी पीछे है। शुरुआती दिनों से ही फिल्म की रफ्तार धीमी रही और तीसरे सप्ताह तक आते-आते इसकी दैनिक कमाई लाखों में सिमट गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने 21वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 14 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे पहले 20वें दिन इसकी कमाई करीब 17 लाख रुपये रही थी। अब तक फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन 58.40 करोड़ रुपये, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 69.55 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
वर्ल्डवाइड 100 करोड़ क्लब में हुई एंट्री
हालांकि घरेलू बाजार में प्रदर्शन कमजोर रहा, लेकिन विदेशी बाजारों से फिल्म को कुछ राहत मिली है। ओवरसीज मार्केट से करीब 29.10 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 100.16 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इस उपलब्धि पर यशराज फिल्म्स (YRF) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए दर्शकों का धन्यवाद भी दिया।
बजट निकालना अब भी बड़ी चुनौती
बताया जा रहा है कि ‘ऐल्फा’ का बजट 100 से 125 करोड़ रुपये के बीच है। ऐसे में सिर्फ 100 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन फिल्म को सफल घोषित करने के लिए पर्याप्त नहीं माना जा रहा। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म को कम से कम अपने बजट के बराबर या उससे अधिक कमाई करनी होगी, तभी इसे व्यावसायिक रूप से सफल माना जा सकेगा।
YRF की पहली फीमेल स्पाई फिल्म से थीं बड़ी उम्मीदें
‘ऐल्फा’ यशराज स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान फिल्म है। इसमें आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में हैं, जबकि शरवरी वाघ उनकी बहन के किरदार में नजर आई हैं। फिल्म में अनिल कपूर, दीया मिर्जा और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में हैं। दर्शकों को आकर्षित करने के लिए फिल्म में ऋतिक रोशन की विशेष उपस्थिति भी दिखाई गई, लेकिन इसका बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं दिखा।
‘वॉर 2’ के बाद YRF को लगा दूसरा झटका
इससे पहले यशराज फिल्म्स की बड़े बजट की फिल्म ‘वॉर 2’ भी बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी थी। ऐसे में ‘ऐल्फा’ से स्टूडियो को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन फिल्म अब तक उस स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। फिलहाल इसकी कमाई जारी है, लेकिन ट्रेड विश्लेषकों की नजर अब इस बात पर है कि थिएट्रिकल रन खत्म होने तक फिल्म कुल कितना कारोबार कर पाती है।

