अनाया बांगड़ को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मिली बड़ी राहत, महिला लोकल क्रिकेट खेलने की मिली मंजूरी

Thecity news
4 Min Read

टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर संजय बांगड़ की ट्रांस महिला बेटी अनाया बांगड़ के लिए बड़ी खबर सामने आई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने उन्हें महिलाओं के लोकल क्रिकेट में खेलने की मंजूरी दे दी है। कुछ समय पहले तक पुरुष वर्ग में मुंबई के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेलने वाली अनाया अब ऑस्ट्रेलिया में अपने क्रिकेट करियर की नई शुरुआत करने जा रही हैं।

अनाया ने बताया कि एक समय उन्हें लगने लगा था कि उनका क्रिकेट करियर पूरी तरह खत्म हो चुका है। हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मिली मंजूरी ने उनकी उम्मीदों को फिर से जगा दिया है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की दी अनुमति

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अनाया को फिलहाल ‘कम्युनिटी क्रिकेट’ यानी लोकल और स्टेट लेवल क्रिकेट खेलने की अनुमति दी है। हालांकि, अगर वह महिला बिग बैश लीग (WBBL) जैसे बड़े एलीट टूर्नामेंट में खेलना चाहती हैं, तो उन्हें एक खास शर्त पूरी करनी होगी।

नियम के मुताबिक, मार्च 2027 तक अनाया को अपने शरीर में टेस्टोस्टेरोन का स्तर 10 nmol/L से नीचे बनाए रखना होगा। अगर वह इस स्तर को बनाए रखने के साथ लगातार टेस्ट पास करती हैं, तो उनके लिए ऑस्ट्रेलिया की बड़ी महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं में खेलने का रास्ता खुल सकता है।

ICC और BCCI के क्या हैं नियम?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के एलीट महिला क्रिकेट में खेलने को लेकर पिछले साल नई नीति लागू की थी, जिसके तहत ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों पर एलीट अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में खेलने की पाबंदी है।

वहीं, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पास ट्रांस महिला क्रिकेटरों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट नीति नहीं है।

अनाया ने की क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तारीफ

अनाया ने बताया कि उन्होंने अपनी मेडिकल रिपोर्ट और रिसर्च डेटा BCCI को भेजा था, लेकिन बोर्ड की तरफ से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि BCCI इस मामले पर चुप रहा।

इसके विपरीत, अनाया के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनकी पूरी मेडिकल हिस्ट्री और रिपोर्ट की समीक्षा की और निष्पक्षता के आधार पर उन्हें खेलने की अनुमति दी। उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इस फैसले की सराहना की।

अनाया के लिए आसान नहीं रहा क्रिकेट का सफर

अनाया ने अपनी जर्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस बदलाव के दौरान परिवार, दोस्तों और करियर से जुड़े कई पहलुओं में बदलाव आया। हालांकि, उनका कहना है कि इस बदलाव के बाद वह अब ज्यादा खुश और सुकून महसूस करती हैं।

हार्मोन थेरेपी के बाद शरीर में आए बदलाव

अनाया ने बताया कि हार्मोन थेरेपी के बाद उनके शरीर में काफी बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि पुरुष क्रिकेटर के तौर पर उनके अंदर काफी ताकत थी, लेकिन अब उन्हें अपने शरीर में पहले की तुलना में कमजोरी महसूस होती है।

उन्होंने बताया कि उनकी मांसपेशियों की ताकत भी कम हुई है और अब वह 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंदों का सामना नहीं कर सकतीं।

Share This Article