हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों सुमित और मोहित को ढेर कर दिया गया। दोनों पर अंकित बालियान की हत्या में शामिल होने का आरोप था। मुठभेड़ के बाद आरोपियों के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के जवानों पर फायरिंग के बाद मुठभेड़
शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, 26 तारीख को कोतवाली थाना क्षेत्र में एक जिम के पास मशहूर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया था और रात 12 बजे से सुबह तक नाकेबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान बागपत रजिस्ट्रेशन नंबर वाली मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी और जवानों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों युवक मोटरसाइकिल मोड़कर कोतवाली की तरफ भागने लगे।
पुलिस ने उनका पीछा किया। औद्योगिक क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। बाद में दोनों की मौत हो गई। उनकी पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद आरोपियों के पास से दो 9 एमएम पिस्तौल, एक .32 कैलिबर पिस्तौल, कुल 26 जिंदा कारतूस और करीब 15 खाली खोखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया था कि हरियाणा के एक कुख्यात अपराधी राहुल ने उन्हें भेजा था। पुलिस के अनुसार, राहुल ने उन्हें पैसे और पिस्तौल उपलब्ध कराई थी। आरोपियों ने बताया कि 26 तारीख को बाहर से आने वाले कुछ लोग उनसे मिलने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, चारों शूटर अलग-अलग रास्तों से शामली पहुंचे थे और उन्होंने अंकित बालियान को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चार शूटरों की हुई थी पहचान, दो की तलाश जारी
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में यूपी पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने चार संदिग्ध शूटरों की पहचान की थी। जांच में सामने आया था कि आरोपी हरियाणा के हिसार और रोहतक जिलों के रहने वाले थे।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की थी। अब पुलिस मुठभेड़ में दो शूटरों सुमित और मोहित के मारे जाने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

