अर्शदीप सिंह ने घुटनों पर बैठकर किया प्रपोज, समरीन कौर को पहनाई सगाई की अंगूठी

Thecity news
3 Min Read

न्यूजीलैंड में भारतीय तेज गेंदबाज ने अपनी प्रेमिका के साथ रिश्ते को नया नाम दिया। सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर दी खुशखबरी।

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के दौरान अर्शदीप ने अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर से सगाई कर ली। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर फैंस को यह खुशखबरी दी।

तस्वीरों में अर्शदीप घुटनों पर बैठकर समरीन को प्रपोज करते और उनकी उंगली में सगाई की अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं। इस खास पल के लिए उन्होंने न्यूजीलैंड को चुना।

11 नवंबर को एक-दूसरे के नाम किया जीवन

तस्वीरों के साथ अर्शदीप और समरीन ने लिखा, “जिंदगी हमें जो कुछ भी दे सकती थी, उसमें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि उसने हमें एक-दूसरे को सौंपा। जीवनभर के इस साथ के नाम 11.11.2026।”

इस पोस्ट के सामने आने के बाद क्रिकेट और मनोरंजन जगत से जुड़े प्रशंसक दोनों को बधाइयां दे रहे हैं।

लंबे समय से चर्चा में था दोनों का रिश्ता

अर्शदीप और समरीन के रिश्ते की चर्चा काफी समय से हो रही थी। इसकी शुरुआत तब हुई, जब अर्शदीप ने स्नैपचैट पर एक तस्वीर साझा की थी। इसमें वह एक लड़की का हाथ थामे नजर आए थे, हालांकि उन्होंने उसका चेहरा नहीं दिखाया था।

इसके बाद धर्मशाला की सड़कों पर दोनों को हाथों में हाथ डालकर घूमते देखा गया। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। बाद में जुलाई में अर्शदीप ने इंस्टाग्राम पर समरीन के साथ तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया था।

कौन हैं समरीन कौर?

समरीन कौर मनोरंजन जगत से जुड़ी हैं। वह पंजाबी म्यूजिक वीडियो में काम कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ’83’ में भी छोटी भूमिका निभाई थी। वह वेब फिल्म ‘नेल पॉलिश’ में भी नजर आ चुकी हैं।

समरीन मिस इंडिया जम्मू-कश्मीर रह चुकी हैं और सोशल मीडिया पर अपनी स्टाइलिश छवि के लिए जानी जाती हैं।

Share This Article