2028 में दो नई टीमों को शामिल करने की खबरों को बोर्ड ने अटकल बताया है। खिलाड़ियों के बजट में बढ़ोतरी की भी फिलहाल कोई योजना नहीं है।
आईपीएल में मौजूदा 10 टीमों की संख्या बढ़ाकर 12 किए जाने की चर्चाओं पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि आईपीएल 2028 में दो नई टीमों को शामिल करने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में सैकिया ने बताया कि बोर्ड ने इस विषय पर न तो औपचारिक और न ही अनौपचारिक रूप से कोई विचार-विमर्श किया है। उनके मुताबिक, वैश्विक क्रिकेट बाजार में आईपीएल की लोकप्रियता काफी अधिक है, लेकिन फिलहाल दो नई टीमों को जोड़ने की कोई योजना नहीं है।
IPL 2027 की तैयारियों पर ध्यान
सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई का पूरा ध्यान फिलहाल आईपीएल 2027 पर है। मार्च 2027 में शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट लीग का 20वां संस्करण होगा।
उन्होंने इसे बड़ा आयोजन बताते हुए कहा कि बोर्ड अभी इसी सीजन की तैयारियों में जुटा है। फिलहाल 2027 से आगे के लिए कोई योजना नहीं बनाई जा रही है।
टीमों का बजट 125 से 150 करोड़ रुपये करने की चर्चा भी निराधार
मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों के खिलाड़ियों पर खर्च करने का बजट 125 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 150 करोड़ रुपये किए जाने की खबरों को भी सैकिया ने खारिज किया।
उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही ये खबरें कुछ लोगों की कल्पनाओं पर आधारित अटकलें हैं। खिलाड़ियों के वेतन के लिए निर्धारित राशि बढ़ाने का फिलहाल कोई प्रस्ताव बोर्ड के सामने नहीं है।
16 दिसंबर को होगी अगली नीलामी
आईपीएल की अगली नीलामी 16 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। सैकिया ने पुष्टि की कि इस बार मेगा ऑक्शन नहीं होगा, क्योंकि मौजूदा चक्र का यह आखिरी साल है।
उन्होंने बताया कि अगली बड़ी नीलामी 2027 सीजन के लिए होगी। उससे पहले ही टीमों के खिलाड़ियों पर खर्च करने के बजट में बढ़ोतरी को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

