असम में सुबह-सुबह बड़ा रेल हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे

Thecity news
2 Min Read

गुवाहाटी के पास डिगारू स्टेशन पर हुई घटना में इंजन भी डिरेल हुआ। रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षित बताया और दो ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित किया।

असम में बुधवार, 11 नवंबर की सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना सामने आई। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में डिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच कोच डिरेल हो गए।

शुरुआती जानकारी सामने आने के बाद पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना की वजह और राहत कार्यों के बारे में जानकारी दी।

रेलवे ने हादसे को लेकर क्या बताया?

रेलवे के अनुसार, सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को डिगारू स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके, जिसके कारण इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए।

रेलवे ने अपने बयान में कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। राहत और बचाव कार्य भी तुरंत शुरू कर दिए गए।

दो ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

हादसे के कारण रेल यातायात नियंत्रित करना पड़ा। रेलवे के मुताबिक, दो ट्रेनों को रास्ते में रोक दिया गया।

  • ट्रेन संख्या 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी में रोका गया।
  • ट्रेन संख्या 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानीखैती में रोका गया।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

हाल में हुए अन्य रेल हादसे

गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच टक्कर हुई थी, जिसमें 69 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। वहीं, 8 नवंबर को मिस्र की राजधानी काहिरा के दक्षिण में दो यात्री ट्रेनें टकरा गई थीं। इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हुई थी और 88 अन्य घायल हुए थे।

Share This Article