ऑपरेशन ब्लू स्टार के जिक्र के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया और सिख समुदाय से माफी मांगने की मांग की।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। किताब में ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सोनिया गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि किताब के जरिए इतिहास का एकतरफा पक्ष पेश करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से 1984 के सिख विरोधी दंगों के लिए सिख समुदाय से माफी मांगने की मांग भी की।
‘इतिहास का झूठा संस्करण पेश करने की कोशिश’
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेताओं को झूठा और पाखंडी बताया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सेना को स्वर्ण मंदिर में सैन्य अभियान का आदेश दिया था। उनके मुताबिक, सरकार के पास उस समय खुफिया जानकारी भी मौजूद थी।
मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी अपने दुख का जिक्र करके इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां किताब में लिखी बातों को सच मान लें। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से भी माफी की मांग की।
भिंडरावाले को लेकर भाजपा सांसद ने उठाए सवाल
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने भी किताब पर सवाल उठाते हुए पूछा कि भिंडरावाले को किसने पैदा किया था। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने 1984 में भिंडरावाले को बंदूक के साथ एक बस में देखा था।
चंदोलिया ने आरोप लगाया कि भिंडरावाले को राजनीतिक संरक्षण दिए जाने के कारण पंजाब में आतंकवाद बढ़ा और उसका असर दिल्ली तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार तत्कालीन सरकार का फैसला था और इसके लिए इंदिरा गांधी जिम्मेदार थीं।
भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर इंदिरा गांधी की भूमिका पर सवाल उठाए। वहीं, भाजपा नेता गुरु प्रकाश ने सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के दावे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि 2004 से 2014 के बीच उन्होंने बिना किसी संवैधानिक पद पर रहते हुए रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाई।
सोनिया गांधी के भावुक होने पर भी भाजपा का हमला
भाजपा नेता प्रेम शुक्ला ने किताब में सोनिया गांधी के भावुक होने से जुड़े प्रसंगों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने बाबरी ढांचे के गिराए जाने और बाटला हाउस मुठभेड़ में आतंकियों के मारे जाने पर दुख जताया था।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि 1993 के मुंबई बम धमाकों, 26/11 आतंकी हमलों, कारगिल युद्ध और संसद पर हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों के लिए सोनिया गांधी ने वैसी संवेदना नहीं दिखाई। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से इस पर जवाब देने की मांग की।
संजय निरुपम ने किताब के खुलासों पर दी प्रतिक्रिया
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि राजनीति से संन्यास लेने के बाद कई नेता किताब या आत्मकथा लिखते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सोनिया गांधी भी राजनीतिक जीवन से संन्यास लेने के दौर में पहुंच गई हैं।
किताब में किए गए खुलासों पर निरुपम ने कहा कि इसमें लिखी गई कई बातें पहले से ही लोगों को पता हैं। कांग्रेस के भीतर क्या होता है, यह कभी पूरी तरह छिपा नहीं रहता।

