पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ समेत देश के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने अटल जी के राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों में योगदान को याद किया।
भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष, ओजस्वी वक्ता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आज पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है। 16 अगस्त 2018 को देश ने अपने इस लोकप्रिय नेता को खो दिया था, लेकिन उनके विचार और आदर्श आज भी करोड़ों भारतीयों के बीच प्रेरणा बने हुए हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी ने अटल जी को बताया असाधारण राजनेता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उन्हें एक असाधारण राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी का दृष्टिकोण और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। सुशासन और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी देश का मार्गदर्शन कर रही है। उनके शब्दों और प्रयासों ने राष्ट्र को मजबूती देने के साथ भारत के भविष्य की एक नई रूपरेखा तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अमित शाह और राजनाथ सिंह ने याद किया राष्ट्र प्रथम का संकल्प
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी को ऐसे देशभक्त राजनेता के रूप में याद किया, जिन्होंने अपने जीवन का एक-एक क्षण देश की सेवा में लगाया।
अमित शाह ने कहा कि अटल जी ने परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध के दौरान भारत की शक्ति का दुनिया को अहसास कराया। साथ ही उन्होंने अंत्योदय और सुशासन की अवधारणा को भी आगे बढ़ाया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ की भावना के साथ भारतीय लोकतंत्र को समृद्ध किया। उनके नेतृत्व में भारत ने सामरिक शक्ति और आर्थिक विकास के क्षेत्र में नए आयाम हासिल किए।
योगी आदित्यनाथ समेत कई मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल बिहारी वाजपेयी को लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्श राजनीति का शिखर पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में नैतिकता और शुचिता के जो उच्च मानक स्थापित किए, वे विकसित भारत के निर्माण के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें राष्ट्रवादी चिंतक और प्रख्यात कवि बताया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अटल जी की प्रसिद्ध पंक्तियों ‘यह चंदन की भूमि है, अभिनंदन की भूमि है’ के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बिहार के सम्राट चौधरी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को करोड़ों कार्यकर्ताओं का पथ-प्रदर्शक बताते हुए उनके विराट व्यक्तित्व को नमन किया।
तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी
अटल बिहारी वाजपेयी ने तीन बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने पहली बार 1996 में प्रधानमंत्री पद संभाला। इसके बाद 1998 से 1999 और फिर 1999 से 2004 तक देश का नेतृत्व किया।
उन्हें वर्ष 2015 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उनके साहसिक निर्णयों, विशेष रूप से पोखरण परमाणु परीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके फैसलों में राष्ट्रहित सर्वोपरि रहा।
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धांजलि सभाएं और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उनके विचार, कविताएं, भाषण और राजनीतिक आदर्श आज भी उन्हें भारतीय राजनीति के एक वैचारिक नायक के रूप में जीवित रखते हैं।

