उमेश पाल हत्याकांड के बाद शुरू हुई कार्रवाई में पहले बेटे असद की एनकाउंटर में मौत हुई, फिर अतीक और अशरफ की हत्या कर दी गई। अब सड़क हादसे में बेटे आबान की भी जान चली गई है।
माफिया डॉन और पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार पर पिछले तीन वर्षों से लगातार संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उमेश पाल हत्याकांड के बाद शुरू हुई पुलिस कार्रवाई में पहले बेटे असद अहमद की एनकाउंटर में मौत हुई, फिर अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ अहमद की पुलिस हिरासत के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब अतीक के बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है। बताया गया कि वह अपने भाई अली अहमद से मिलने जेल जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
24 फरवरी 2023: उमेश पाल हत्याकांड
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में बसपा विधायक रहे राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस मामले में अतीक अहमद और उसके गैंग पर आरोप लगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ ने आरोपियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया।
27 फरवरी 2023: अरबाज एनकाउंटर
उमेश पाल हत्याकांड के तीन दिन बाद प्रयागराज पुलिस ने आरोपी अरबाज को नेहरू पार्क के पास मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, वह उमेश पाल हत्याकांड में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार चला रहा था और पुलिस टीम पर फायरिंग की थी।
6 मार्च 2023: विजय चौधरी उर्फ उस्मान ढेर
6 मार्च 2023 को पुलिस मुठभेड़ में विजय चौधरी उर्फ उस्मान मारा गया। पुलिस का दावा था कि उसी ने उमेश पाल पर पहली गोली चलाई थी। उस पर इनाम भी घोषित था।
13 अप्रैल 2023: असद अहमद एनकाउंटर
करीब 50 दिनों तक फरार रहने के बाद अतीक अहमद के तीसरे बेटे असद अहमद और उसके साथी गुलाम को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने झांसी में मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था और उन्हें उमेश पाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी माना गया था।
15 अप्रैल 2023: अतीक और अशरफ की हत्या
असद के एनकाउंटर के दो दिन बाद प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाए जा रहे अतीक अहमद और अशरफ अहमद की पुलिस हिरासत में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पत्रकार बनकर पहुंचे तीन हमलावरों ने दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना के तुरंत बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सड़क हादसे में आबान अहमद की मौत
अब अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है। बताया गया कि वह जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहे थे। हादसे में अन्य लोगों की भी जान गई और कुछ लोग घायल हुए।
अतीक अहमद के परिवार में अब कौन-कौन बचा?
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी उमेश पाल हत्याकांड में वांछित हैं और लंबे समय से फरार हैं। बड़ा बेटा उमर अहमद न्यायिक हिरासत में है, जबकि अली अहमद जेल में बंद है। तीसरे बेटे असद अहमद की अप्रैल 2023 में एनकाउंटर में मौत हो चुकी है और चौथे बेटे आबान अहमद की अब सड़क हादसे में जान चली गई है। सबसे छोटे बेटे एहजम को अक्टूबर 2023 में बाल संरक्षण गृह से रिहा किए जाने के बाद से वह अपनी बुआ के साथ रह रहा है।
लगातार बिखरता गया परिवार
पिछले तीन वर्षों में हुई घटनाओं ने अतीक अहमद के परिवार को लगातार झटके दिए हैं। बेटे के एनकाउंटर, अतीक और अशरफ की हत्या तथा अब आबान की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार के अधिकांश सदस्य या तो कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं, जेल में हैं या फिर फरार हैं।

