झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने जा रहे अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में घायल एक शख्स ने बताया कि तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद हादसा हुआ।
अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जा रहे थे। अली अहमद फिलहाल झांसी जेल में बंद है। हादसे के समय कार में अबान समेत कुल छह लोग सवार थे।
घायल ने बताया कैसे हुआ हादसा
हादसे में घायल मोहम्मद उमर ने बताया कि उनकी क्रेटा कार तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने कहा कि सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे।
उमर ने बताया कि टक्कर के बाद सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा, “हादसे के बाद क्या हुआ, मुझे याद नहीं। जब आंख खुली तो खुद को सड़क पर पड़ा पाया।”
कार में सवार थे छह लोग
घायल मोहम्मद उमर के मुताबिक, कार में अबान अहमद, फारुख, सोनू, जैद, वह स्वयं और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। उनका कहना है कि गाड़ी का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे में तीन लोगों की मौत
यह दुर्घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुई। हादसे में अबान अहमद समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जा रहे थे।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

