प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे अबान अहमद की कार हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं।
माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना में दो अन्य लोगों की भी जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बताया कि तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने के कारण अबान अहमद की मौत हुई। इस हादसे में उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में अबान अहमद की पहचान की गई है। वहीं मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन अन्य लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, कार की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना की अन्य वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे थे अबान
अबान अहमद, अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटों में से एक थे। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान और उनके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को बाल संरक्षण गृह से रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था।
अली अहमद से मिलने जा रहे थे
अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। बताया जा रहा है कि अबान अहमद समेत परिवार के सदस्य उसी से मिलने झांसी जा रहे थे। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

