14 अगस्त को रिलीज होने जा रही ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के तहत सनी देओल, प्रीति जिंटा और करण देओल ने अहमदाबाद में रोडशो, छात्रों से संवाद और गुजराती थाली का आनंद लिया।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ अपनी रिलीज से पहले लगातार चर्चा में बनी हुई है। 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म के प्रमोशन के लिए अभिनेता सनी देओल, करण देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा अहमदाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और प्रशंसकों से मुलाकात की।
अहमदाबाद पहुंचने के बाद सनी देओल, करण देओल और प्रीति जिंटा ने सबसे पहले शहर के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसके बाद तीनों कलाकार सिल्वर ओक यूनिवर्सिटी पहुंचे, जहां छात्रों और फैंस के साथ बातचीत की। फिल्म को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला और कलाकारों ने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।
गुजराती थाली का लिया स्वाद
प्रमोशनल कार्यक्रमों के बीच सनी देओल, प्रीति जिंटा और करण देओल ने अहमदाबाद के प्रसिद्ध पकवान डाइनिंग हॉल में पारंपरिक गुजराती थाली का स्वाद लिया। मीडिया से बातचीत में कलाकारों ने गुजरात की मेहमाननवाजी और स्थानीय व्यंजनों की जमकर सराहना की। इसके बाद उन्होंने फिल्म की कहानी, शूटिंग के अनुभव और दर्शकों की उम्मीदों पर भी खुलकर बात की।
विभाजन की दर्दभरी कहानी पर आधारित है फिल्म
‘बंटवारा 1947’ भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक फिल्म है। इसमें उस दौर के दर्द, बिछड़ते परिवारों, इंसानी रिश्तों, प्यार, त्याग और संघर्ष को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। मेकर्स का कहना है कि यह सिर्फ एक ऐतिहासिक फिल्म नहीं, बल्कि मानवीय भावनाओं को करीब से दिखाने वाली कहानी है।
30 साल बाद साथ लौटे सनी देओल और राजकुमार संतोषी
फिल्म की सबसे बड़ी खासियतों में से एक यह है कि निर्देशक राजकुमार संतोषी और अभिनेता सनी देओल करीब 30 साल बाद फिर साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी कई सफल फिल्मों में नजर आ चुकी है। फिल्म में शबाना आज़मी, अली फज़ल, प्रीति जिंटा, करण देओल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
ए.आर. रहमान ने दिया है संगीत
फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित द्वारा निर्मित ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दमदार स्टारकास्ट, भावनात्मक कहानी और ऐतिहासिक विषय के कारण इसे इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में माना जा रहा है।

