सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई हो रही है। अदालत को आज ही जमानत याचिका पर अंतरिम आदेश भी देना है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जमानत याचिका पर सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। यह याचिका प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत की मांग को लेकर दाखिल की गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हाईकोर्ट में आज इस मामले की सुनवाई हो रही है। अदालत को सुनवाई के बाद अंतरिम आदेश भी पारित करना है।
आजम खान फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की कस्टडी रिमांड पर हैं। उनकी कस्टडी सोमवार शाम 4:30 बजे पूरी हो रही है। 31 अक्टूबर की शाम रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 12 नवंबर की शाम से वह ईडी की कस्टडी में हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को भेजा था मामला
आजम खान ने ईडी के नए मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने उनकी याचिका पर सुनवाई की।
सुप्रीम कोर्ट ने सीधे मामले की सुनवाई करने से इनकार करते हुए इसे इलाहाबाद हाईकोर्ट भेज दिया था। शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से आग्रह किया था कि याचिका को 16 नवंबर को डिवीजन बेंच के सामने सुनवाई के लिए रखा जाए। साथ ही उसी दिन अंतरिम आदेश पारित करने का निर्देश भी दिया था।
कपिल सिब्बल ने ईडी की कार्रवाई पर उठाए सवाल
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान आजम खान की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह कार्रवाई दुर्भावना से की गई है।
सिब्बल ने दलील दी थी कि आजम खान की जेल से रिहाई होने ही वाली थी, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आजम खान की ओर से उन्होंने कहा था, ‘वे चाहते हैं कि मैं चुनाव के दौरान जेल में ही रहूं।’
78 वर्षीय आजम खान को 1 नवंबर को जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया गया था।

