सोलापुर के अम्बे गांव में 12 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ और प्रशासन की टीमें तीन अन्य मजदूरों को निकालने में जुटी हैं।
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर तालुका स्थित अम्बे गांव में कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खेत में काम करते समय अचानक चट्टान और कुएं की दीवार ढह गई, जिससे चार मजदूर मिट्टी और पत्थरों के मलबे में दब गए।
हादसे के बाद से बचाव अभियान लगातार जारी है। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद रात में एक मजदूर का शव मलबे से बाहर निकाला गया। वहीं, तीन अन्य मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और प्रशासन की टीमें अभियान चला रही हैं।
जिला कलेक्टर ने संभाली बचाव अभियान की कमान
घटना की सूचना मिलते ही सोलापुर के जिला कलेक्टर एस. कार्तिकेयन घटनास्थल पर पहुंचे। उनकी निगरानी में बचाव कार्य शुरू किया गया।
करीब 12 घंटे की कोशिशों के बाद बचाव दल ने मलबे से एक मजदूर को बाहर निकाला। उसकी पहचान सिद्धेश्वर घड़गे के रूप में हुई। चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
बिजली की रोशनी में रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, तीन मजदूर अब भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं। रात में अंधेरा होने के कारण घटनास्थल पर जनरेटर और बिजली की रोशनी की व्यवस्था की गई है।
एनडीआरएफ की टीम और आपातकालीन कर्मी पोकलेन तथा जेसीबी मशीनों की मदद से सावधानीपूर्वक मिट्टी और चट्टानों का मलबा हटा रहे हैं।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के बावजूद एनडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर पहुंचने में कई घंटे की देरी हुई। फिलहाल प्रशासन और बचाव दल की प्राथमिकता मलबे में फंसे तीनों मजदूरों को बाहर निकालना है।

