Bihar Board: मैट्रिक-इंटर की मार्कशीट पर अब नहीं लिखा जाएगा ‘फेल’, प्रमाण पत्र में होगा नया शब्द

Thecity news
3 Min Read

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की घोषणा, पूरक परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए एक महीने तक चलेंगी विशेष कक्षाएं; 2027 परीक्षा के फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी शुरू

बिहार बोर्ड के मैट्रिक और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की मार्कशीट पर अब ‘फेल’ नहीं लिखा जाएगा। इसकी जगह प्रमाण पत्र पर ‘कौशल के लिए पात्र’ शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए नियमों में बदलाव किया जाएगा और शिक्षा विभाग जल्द ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को इस संबंध में निर्देश जारी करेगा। गुरुवार रात हुई समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने यह घोषणा की।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं भी चलाई जाएंगी। बैठक में 5 सितंबर को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होने वाले शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिक्षक सहयोग पोर्टल की शुरुआत करेंगे।

16 सितंबर 2026 तक भरे जाएंगे परीक्षा फॉर्म

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंटरमीडिएट के परीक्षा फॉर्म वेबसाइट intermediate.biharboardonline.com और मैट्रिक के परीक्षा फॉर्म वेबसाइट exam.biharboardonline.org के माध्यम से शिक्षण संस्थानों के प्रधान भरेंगे।

फॉर्म की एक प्रति शिक्षण संस्थान के प्रधान के पास जमा होगी, जबकि दूसरी प्रति पर प्रधान के हस्ताक्षर, मुहर और तारीख अंकित कर छात्र को पावती के रूप में वापस दी जाएगी। छात्रों को फॉर्म भरने से पहले अपने मूल सूचीकरण प्रमाण पत्र में दर्ज सभी विवरणों का मिलान जरूर करना होगा। इसमें नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि और विषय समेत अन्य जानकारियां शामिल हैं।

छात्रों के लिए जरूरी निर्देश

मोबाइल नंबर और ईमेल जरूरी: प्रत्येक छात्र के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देना अनिवार्य है। एक छात्र के लिए केवल एक मोबाइल नंबर और एक ईमेल आईडी ही पंजीकृत होनी चाहिए।

गलत जानकारी में सुधार का मौका: यदि मूल सूचीकरण प्रमाण पत्र में किसी तरह की त्रुटि है, जैसे नाम की स्पेलिंग, लिंग, जाति या विषय से जुड़ी गलती, तो ऑनलाइन फॉर्म भरने की अवधि के दौरान शिक्षण संस्थान के प्रधान उसमें सुधार कर सकते हैं।

फॉर्म और शुल्क जमा करना जरूरी: निर्धारित समय के भीतर परीक्षा फॉर्म नहीं भरने और परीक्षा शुल्क जमा नहीं करने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। इसलिए छात्रों को तय समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Share This Article