आईपीएल 2027 से पहले सीएसके में बड़े बदलाव की चर्चा, इन दो खिलाड़ियों पर लटक सकती है तलवार

Thecity news
4 Min Read

प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को टीम ने 14.20-14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। रिलीज करने पर चेन्नई का नीलामी पर्स बढ़ सकता है।

आईपीएल 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बीसीसीआई ने सभी टीमों के लिए रिटेंशन लिस्ट जारी करने की समयसीमा तय कर दी है। इस बीच पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) में बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।

खबरों के मुताबिक, टीम पिछले ऑक्शन में महंगी कीमत पर खरीदे गए प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा में से किसी एक या दोनों को रिलीज करने पर विचार कर सकती है। ऐसा करने से टीम के पास नीलामी के लिए अतिरिक्त पैसा उपलब्ध हो सकता है।

प्रशांत वीर को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था

चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी में प्रशांत वीर को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपये था। शुरुआत में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस ने बोली लगाई। बाद में सीएसके और सनराइजर्स हैदराबाद भी इस दौड़ में शामिल हो गईं।

सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी बोली 14 करोड़ रुपये की लगाई, जिसके बाद सीएसके ने 14.20 करोड़ रुपये देकर प्रशांत को अपनी टीम में शामिल कर लिया।

उत्तर प्रदेश के अमेठी के रहने वाले प्रशांत ने पिछले सीजन में छह मैच खेले और 90 रन बनाए। इस दौरान उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। उनके प्रदर्शन को देखते हुए टीम में उनकी जगह को लेकर चर्चा हो रही है।

कार्तिक शर्मा का प्रदर्शन भी चर्चा में

कार्तिक शर्मा को खरीदने के लिए भी टीमों के बीच कड़ी बोली लगी थी। उनका बेस प्राइस भी 30 लाख रुपये था। शुरुआत में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स ने बोली लगाई। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपरकिंग्स भी शामिल हुईं। बाद में सनराइजर्स हैदराबाद ने भी बोली लगाई।

आखिरकार सीएसके ने कार्तिक को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। उन्होंने पिछले सीजन में 11 मैच खेलकर 295 रन बनाए। अब उनके प्रदर्शन और खरीद कीमत को देखते हुए उन्हें रिलीज किए जाने की संभावना पर चर्चा हो रही है।

सीएसके के पास फिलहाल 2.4 करोड़ रुपये का पर्स

प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को खरीदने में सीएसके ने कुल 28.40 करोड़ रुपये खर्च किए थे। फिलहाल टीम के पास नीलामी पर्स में केवल 2.4 करोड़ रुपये बचे हैं।

अगर अगले सीजन के लिए पर्स में पांच करोड़ रुपये की बढ़ोतरी भी होती है, तो टीम के पास कुल रकम करीब 7.5 करोड़ रुपये होगी। ऐसे में नीलामी में बड़े खिलाड़ियों के लिए बोली लगाना टीम के लिए मुश्किल हो सकता है।

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सीएसके इन दोनों खिलाड़ियों में से किसी एक को रिलीज कर अपना पर्स बढ़ाने पर विचार कर रही है। जरूरत पड़ने पर टीम रिलीज किए गए खिलाड़ी को नीलामी में कम कीमत पर दोबारा खरीदने की कोशिश भी कर सकती है।

15 नवंबर को आएगी रिटेंशन लिस्ट, 16 दिसंबर को नीलामी

आईपीएल 2027 के लिए सभी 10 टीमों को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करनी होगी। इसमें टीमों को बताना होगा कि वे किन खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रख रही हैं और किन्हें रिलीज कर रही हैं।

वहीं, अगले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को होने की जानकारी सामने आई है। अब सभी की नजरें 15 नवंबर पर रहेंगी, जब सीएसके समेत सभी टीमें अपने रिटेन और रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों के नाम सामने रखेंगी।

Share This Article