45 फीसदी अंकों के साथ स्नातक अभ्यर्थी होंगे पात्र, अजा-अजजा, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं को 5 फीसदी अंकों की छूट; BSEB LET 2026 के लिए 1 अक्टूबर से आवेदन
बिहार में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर शिक्षा विभाग ने पात्रता और भर्ती प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष के मूल कोटि के सभी पद सीधी नियुक्ति से भरे जाएंगे। पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट दी जाएगी। नियुक्ति के प्रथम संव्यवहार में भी अधिकतम आयु सीमा में 10 साल की छूट का प्रावधान रहेगा।
45 फीसदी अंक वाले स्नातक अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पद के लिए 45 फीसदी अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और महिला अभ्यर्थियों को न्यूनतम अंकों में 5 फीसदी की छूट दी जाएगी। आयु और अंकों में यह छूट केवल बिहार के अभ्यर्थियों को मिलेगी।
अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से पुस्तकालय विज्ञान में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य होगा। मौलाना मजहरूल हक अरबी फारसी विश्वविद्यालय तथा बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड की ओर से दी जाने वाली आलीम की डिग्री को स्नातक के समतुल्य माना जाएगा। इसी तरह कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय की शास्त्री डिग्री को भी स्नातक के समकक्ष मान्यता दी जाएगी।
जिला स्तर पर तैयार होगा रिक्तियों का रोस्टर
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष के रिक्त पदों की गणना जिला स्तर पर की जाएगी। इसके बाद पदों का रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत मूल कोटि के सभी पद सीधी नियुक्ति से भरे जाएंगे।
सीधी भर्ती से नियुक्त विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्षों की परीवीक्षा अवधि योगदान की तिथि से एक वर्ष होगी। वहीं सेवाकाल के दौरान किसी विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष की मृत्यु होने पर उनके आश्रित को उसी जिले में लिपिक या परिचारी के पद पर नियुक्ति के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से आवेदन करना होगा।
प्रशासी विभाग की सलाह से तय होगा पाठ्यक्रम
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा का पाठ्यक्रम प्रशासी विभाग के परामर्श से निर्धारित किया जाएगा। निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर परीक्षा का आयोजन, प्रश्नपत्र तैयार करने, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और रिजल्ट प्रकाशित करने की जिम्मेदारी आयोग की होगी।
1 अक्टूबर से शुरू होगा BSEB LET 2026 के लिए आवेदन
शिक्षा विभाग ने बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड को विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 (BSEB LET) आयोजित करने का निर्देश दिया है। बिहार बोर्ड की ओर से परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू की जाएगी। अभ्यर्थी निर्धारित अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी की जाएगी। पात्रता परीक्षा के आयोजन के बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष की सीधी भर्ती का रास्ता साफ होगा।
अभ्यर्थियों के लिए मुख्य बातें
- विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष के सभी मूल कोटि के पद सीधी नियुक्ति से भरे जाएंगे।
- पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 10 साल की छूट मिलेगी।
- 45 फीसदी अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।
- अजा-अजजा, पिछड़ा वर्ग और महिला अभ्यर्थियों को अंकों में 5 फीसदी की छूट मिलेगी।
- आयु और अंकों में छूट का लाभ केवल बिहार के अभ्यर्थियों को मिलेगा।
- BSEB LET 2026 के लिए आवेदन 1 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा।
- पुस्तकालय विज्ञान में स्नातक की डिग्री अनिवार्य होगी।

