बिहार में एमबीबीएस की 138 खाली सीटों पर दाखिले का मौका, 4 नवंबर से आवेदन शुरू

Thecity news
3 Min Read

नीट यूजी 2026 क्वालीफाई अभ्यर्थी 8 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। रैंक कार्ड 9 नवंबर को जारी होगा और नामांकन 12-13 नवंबर को होगा।

बिहार में एमबीबीएस की 138 खाली सीटों पर विशेष स्ट्रे वैकेंसी राउंड के तहत दाखिला होगा। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीईसीईबी) ने मंगलवार को काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इनमें निजी मेडिकल कॉलेजों की 127 और सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 11 सीटें शामिल हैं।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और कॉलेज व पाठ्यक्रम के विकल्प भरने की प्रक्रिया 4 नवंबर से आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर शुरू होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 8 नवंबर रात 10 बजे तक है। शुल्क भुगतान और आवेदन में सुधार 8 नवंबर रात 11:59 बजे तक किया जा सकेगा।

पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी भी 4 से 8 नवंबर तक पोर्टल पर अपनी सहमति दे सकेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, रैंक कार्ड 9 नवंबर को जारी होगा, जबकि नामांकन और दस्तावेज सत्यापन 12 और 13 नवंबर को किया जाएगा।

किन पाठ्यक्रमों में मिलेगा दाखिला?

इस काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत बिहार के सरकारी और निजी मेडिकल, डेंटल, पशुचिकित्सा और फिशरीज कॉलेजों के प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रमों में दाखिला होगा।

  • एमबीबीएस: स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड
  • बीडीएस: राउंड-5
  • बी.वी.एससी. एंड ए.एच.: राउंड-5
  • बी.एफ.एससी.: राउंड-5

कौन से अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन?

नीट यूजी 2026 में क्वालीफाई करने वाले वे अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं, जिन्होंने पहले यूजीएमएसी-2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन नहीं किया था।

इसके अलावा वे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन तो पूरा किया था, लेकिन जरूरी काउंसलिंग फीस और सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करके आवेदन अंतिम रूप से सबमिट नहीं किया था।

मुख्य शर्त: अभ्यर्थी भारत के किसी भी मेडिकल या डेंटल कॉलेज में पहले से दाखिल नहीं होना चाहिए।

पहले से ऑनलाइन आवेदन जमा कर चुके और विज्ञापन संख्या 18 (3 नवंबर 2026) के पैरा-15 की शर्तों के तहत पात्र अभ्यर्थियों से भी ऑनलाइन पोर्टल पर सहमति मांगी गई है।

एमसीसी की काउंसलिंग में भी खाली हैं सीटें

मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने नीट यूजी 2026 के स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड और राउंड-5 के लिए सीट मैट्रिक्स जारी किया है। इसके मुताबिक, एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों में कुल 1,221 सीटें खाली हैं।

पहले 1,219 खाली सीटों की सूची जारी की गई थी। बाद में अलग नोटिफिकेशन के जरिए दो और सीटें इसमें जोड़ी गईं। ये सीटें देश के विभिन्न मेडिकल संस्थानों में उपलब्ध हैं, जिनमें सरकारी मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विश्वविद्यालय, एम्स और डीम्ड विश्वविद्यालय शामिल हैं।

एमसीसी की काउंसलिंग में पाठ्यक्रम के अनुसार खाली सीटें

  • एमबीबीएस (स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड): 948 सीटें
  • बीडीएस (राउंड-5): 207 सीटें
  • बीएससी नर्सिंग (राउंड-5): 66 सीटें
Share This Article