टीआरई-4.0 में अब तक के सभी चरणों से ज्यादा आवेदन मिले हैं। यूपी समेत दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों ने भी बड़ी संख्या में दावेदारी पेश की है।
बिहार में चौथे चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4.0) के लिए आवेदन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। इस बार शिक्षक भर्ती में अब तक के सभी चरणों के मुकाबले सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। करीब 9.95 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। अपीयरिंग उम्मीदवारों को मौका मिलने से भी आवेदनों की संख्या बढ़ी है।
दूसरे राज्यों, खासकर उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों ने भी बड़ी संख्या में आवेदन किया है। प्राथमिक स्तर के पदों के लिए सबसे ज्यादा आवेदन उत्तर प्रदेश से आए हैं। शिक्षा विभाग के तहत विद्यालय अध्यापक के कुल 33,320 रिक्त पदों पर नियुक्ति होनी है।
करीब 9.95 लाख आवेदन आने से इस बार चयन के लिए मुकाबला कड़ा होने के आसार हैं। बाहरी राज्यों के आवेदकों की संख्या भी एक लाख से अधिक बताई जा रही है। प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्तर तक के पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने दावेदारी पेश की है।
दो साल के अंतराल से भी बढ़ी आवेदकों की संख्या
शिक्षक भर्ती के चौथे चरण में करीब दो साल का अंतराल भी अधिक आवेदन आने की एक वजह माना जा रहा है। इस दौरान अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिला। बिहार के बाहर से खासकर प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांचवीं तक के पदों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं।
चौथे चरण की परीक्षा जनवरी से फरवरी के बीच प्रस्तावित है। परीक्षा की तारीख को लेकर अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक सूचना का इंतजार है।
एसटीईटी में शामिल होने से बढ़े दावेदार
बिहार में हाल के वर्षों में लगातार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) आयोजित होने से भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ी है। पात्रता परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को शिक्षक भर्ती में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। दो अवसरों पर परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलने से भी आवेदन करने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है।
किस कक्षा के लिए कितने पद?
पदों के विवरण के अनुसार, कक्षा एक से पांचवीं तक 3,847 पद निर्धारित हैं। कक्षा छह से आठवीं तक 8,563 पदों पर नियुक्ति होनी है। कक्षा नौवीं और दसवीं के लिए संशोधित पदों सहित कुल 4,380 पद हैं। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए संशोधित पदों सहित 16,540 पद निर्धारित किए गए हैं।
ओएमआर शीट में मिलेगा पांचवां विकल्प
इस बार परीक्षा में ओएमआर शीट पर चार के बजाय पांच विकल्प दिए जाएंगे। यदि अभ्यर्थी किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहता है, तो उसे पांचवें विकल्प का गोला भरना होगा। ऐसा नहीं करने पर उस सवाल के लिए एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे।
भर्ती में चयन एक लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। इसमें एक-तिहाई की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सवालों के जवाब सावधानी से देने होंगे।

