बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में दिल्ली का दबदबा, 10 नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

Thecity news
7 Min Read

नितिन नबीन ने बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। दिल्ली से 10 नेताओं को संगठन में जगह मिली है, जिसमें राम माधव, बीएल संतोष, सुनील बंसल, संदीप पाठक, राजीव बब्बर और जयप्रकाश समेत कई बड़े नाम शामिल हैं।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। नई टीम में कई पुराने चेहरों को जिम्मेदारी से हटाया गया है, जबकि कुछ नए नेताओं को संगठन में जगह मिली है। अलग-अलग राज्यों को प्रतिनिधित्व देने के साथ ही राष्ट्रीय टीम में दिल्ली के नेताओं की भी अच्छी-खासी मौजूदगी दिखाई दी है।

दिल्ली कोटे से जिन प्रमुख नेताओं को संगठन में जगह मिली है, उनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, सुनील बंसल, डॉ. संदीप पाठक, डॉ. स्वदेश सिंह, जयप्रकाश और पूर्वोत्तर के संयोजक के तौर पर राजीव बब्बर शामिल हैं। इसके अलावा प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। सोशल मीडिया टीम में शिवानंद द्विवेदी को भी जगह मिली है। कुल मिलाकर दिल्ली से 10 नेताओं को नई टीम में प्रतिनिधित्व मिला है।

दिल्ली बीजेपी के प्रमुख चेहरों में राजीव बब्बर

राजीव बब्बर बीजेपी के प्रमुख और अनुभवी नेताओं में शामिल हैं। उन्हें संगठन में पूर्वोत्तर राज्यों का सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। हाल ही में बिहार और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने पार्टी के लिए अहम भूमिका निभाई थी।

वह दिल्ली बीजेपी के प्रमुख चेहरों में से एक हैं और दिल्ली के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। राजीव बब्बर दिल्ली विकास प्राधिकरण के मनोनीत सदस्य के तौर पर भी काम कर रहे हैं। उन्होंने 2017 से 2023 तक दिल्ली प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।

राजीव बब्बर दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। उनके पिता ओपी बब्बर इसी विधानसभा क्षेत्र से लंबे समय तक विधायक रहे हैं। राजनीति में आने से पहले वह राष्ट्रीय स्तर के टेबल टेनिस खिलाड़ी भी रह चुके हैं।

दिल्ली के मेयर रह चुके हैं जयप्रकाश

दिल्ली से नई राष्ट्रीय टीम में शामिल प्रमुख नामों में जयप्रकाश भी हैं। गुर्जर समुदाय से आने वाले जयप्रकाश उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर रह चुके हैं। जून 2020 में उन्हें उत्तरी दिल्ली नगर निगम का महापौर चुना गया था।

वह दिल्ली बीजेपी में संगठन के स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। हाल ही में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने पार्टी के लिए लंबे समय तक काम किया। वह दिल्ली बीजेपी के पूर्व प्रदेश महासचिव और उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

मेयर बनने से पहले वह उत्तरी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष रहे। दिल्ली नगर निगम चुनाव में उन्होंने सदर बाजार वार्ड से जीत दर्ज की थी।

कौन हैं डॉ. संदीप पाठक?

डॉ. संदीप पाठक दिल्ली की राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं और पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। वह पहले आम आदमी पार्टी के शीर्ष रणनीतिकारों में शामिल थे और अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाते थे।

24 अप्रैल 2026 को उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। बीजेपी नेतृत्व ने उन्हें आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए ‘मिशन दिल्ली’ की जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीति में आने से पहले वह आईआईटी दिल्ली में सहायक प्रोफेसर रह चुके हैं।

शिवानंद द्विवेदी को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी

बीजेपी ने शिवानंद द्विवेदी को नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया है। उन्हें पार्टी के डिजिटल नेटवर्क और सोशल मीडिया प्रबंधन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।

राष्ट्रीय टीम में उनका प्रतिनिधित्व दिल्ली से दिखाया गया है, हालांकि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं। वह लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हुए हैं और राजनीतिक शोध, लेखन, चुनावी रणनीति, सोशल मीडिया तथा राजनीतिक संचार के क्षेत्र में काम करते रहे हैं।

उन्होंने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों के अलावा गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में पार्टी के नैरेटिव और सोशल मीडिया अभियानों में भूमिका निभाई है। उन्होंने अमित शाह की राजनीतिक यात्रा पर आधारित पुस्तक ‘अमित शाह एंड द मार्च ऑफ बीजेपी’ का सह-लेखन भी किया है।

युवा नेता सिद्धार्थ यादव को बड़ी जिम्मेदारी

सिद्धार्थ यादव को बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। उन्हें प्रदीप भंडारी के साथ यह जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले वह टीवी डिबेट और मीडिया प्लेटफॉर्म पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर पार्टी का पक्ष रखते रहे हैं।

सिद्धार्थ यादव हरियाणा के गुरुग्राम से आते हैं। वह बीजेपी की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के बेटे हैं। उनके पिता शहीद सैनिक थे। सिद्धार्थ दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई की है।

वह एबीवीपी में दिल्ली प्रदेश मंत्री और राष्ट्रीय मीडिया संयोजक जैसे पदों पर भी काम कर चुके हैं।

डीयू के प्रोफेसर डॉ. स्वदेश सिंह बने राष्ट्रीय मंत्री

बीजेपी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और लेखक डॉ. स्वदेश सिंह को राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया है। संगठन में उनकी सक्रियता और बौद्धिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

डॉ. स्वदेश सिंह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के साल्हीपुर कंजास गांव के रहने वाले हैं। उनकी शुरुआती और उच्च शिक्षा लखनऊ में हुई। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पीएचडी और भारतीय जनसंचार संस्थान से मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा किया।

वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज में राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ सहायक प्रोफेसर हैं। वह लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। उन्होंने ‘अयोध्या राम मंदिर’ और ‘द रीडिस्कवरी ऑफ भारत’ जैसी पुस्तकें लिखी हैं। वह इंडिया फाउंडेशन में डिस्टिंग्विश्ड फेलो भी हैं।

Share This Article