बीटेक की 74,395 सीटें खाली, जेईई मेन नहीं देने वालों को भी दाखिले का मौका

Thecity news
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के इंजीनियरिंग संस्थानों में बीटेक में दाखिले के लिए काउंसलिंग अंतिम चरण में पहुंच गई है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से राजकीय और निजी इंजीनियरिंग संस्थानों के बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विशेष राउंड की काउंसलिंग शुरू की गई है। इसमें नए और पुराने राजकीय इंजीनियरिंग संस्थानों में करीब 2,000 सीटें खाली हैं। निजी कॉलेजों को मिलाकर कुल 74,395 सीटें रिक्त हैं।

इस विशेष राउंड में जेईई मेन के अलावा 12वीं के अंकों या सीयूईटी 2026 के अंकों के आधार पर भी दाखिला मिलेगा। यानी जिन अभ्यर्थियों ने जेईई मेन नहीं दिया है, वे भी आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले एकेटीयू की ओर से पांच चरणों की प्रवेश काउंसलिंग हो चुकी है। अब छठे चरण की विशेष काउंसलिंग में 12वीं पास छात्रों को सीधे पंजीकरण कराकर दाखिले का मौका दिया जा रहा है। इस चरण में अब तक 30 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं।

क्या है योग्यता, कौन ले सकता है इस राउंड में हिस्सा

इस काउंसलिंग में वे सभी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने अभी तक काउंसलिंग में पंजीकरण नहीं कराया है, जिन्हें कोई सीट आवंटित नहीं हुई है या जिन्होंने मुख्य काउंसलिंग पोर्टल पर ऑनलाइन सीट वापस ले ली है।

मुख्य काउंसलिंग समाप्त होने के बाद बची हुई रिक्त सीटों को भरने के लिए आवश्यकतानुसार विशेष काउंसलिंग आयोजित की जाती है।

सभी राज्यों के लिए अवसर

मुख्य काउंसलिंग में उत्तर प्रदेश के निवासियों को वरीयता देने के बाद विशेष काउंसलिंग में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य सभी राज्यों के अभ्यर्थी भी भाग ले सकते हैं।

चॉइस अपग्रेडेशन का अवसर

मुख्य काउंसलिंग के दौरान आवंटित संस्थान में फिजिकल रिपोर्टिंग कर चुके छात्रों को विशेष काउंसलिंग में चॉइस अपग्रेडेशन का अवसर दिया जाता है।

कहां कितनी सीटें खाली

विशेष राउंड की सीट मैट्रिक्स के मुताबिक आईईटी लखनऊ में 238, कैश में 79, बीआईईटी झांसी में 247 और केएनआईटी सुल्तानपुर में 189 सीटें खाली हैं।

वहीं पुराने राजकीय इंजीनियरिंग संस्थानों में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा में 52, अंबेडकरनगर में 33, कन्नौज में 83 और मैनपुरी में 118 सीटें खाली हैं।

नए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में गोंडा में 210, बस्ती में 181, प्रतापगढ़ में 221 और मिर्जापुर में 100 सीटें खाली हैं।

काउंसलिंग पंजीकरण शुल्क: 1,000 रुपये

सीट कन्फर्मेशन शुल्क

यदि विशेष काउंसलिंग में पहली बार कोई सीट आवंटित होती है, तो सीट सुरक्षित करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कन्फर्मेशन शुल्क जमा करना आवश्यक होगा।

  • सामान्य, ईडब्ल्यूएस और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थी: 20,000 रुपये
  • अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी: 12,000 रुपये

12 अगस्त तक देनी होगी चॉइस

अभ्यर्थियों को 12 अगस्त तक चॉइस भरनी होगी, जबकि 13 अगस्त को सीट अलॉटमेंट किया जाएगा।

Share This Article