CJP प्रदर्शन के दौरान RAF जवान पर हमला, दिल्ली पुलिस ने शुरू की कार्रवाई; सीसीटीवी और वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान जारी
मंगलवार शाम दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान पर कथित तौर पर भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि करीब रात 8 बजे प्रदर्शनकारियों ने जवान को घेर लिया, जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और डंडों से उसकी पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
10 एफआईआर दर्ज, कई थानों में कार्रवाई
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें संसद मार्ग थाने में चार, कनॉट प्लेस थाने में तीन, जबकि मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड और कर्तव्य पथ थाने में एक-एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
ड्रोन उड़ाने पर भी दर्ज हुआ मामला
प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली के हाई सिक्योरिटी इलाके में कथित तौर पर ड्रोन उड़ाने के मामले में भी संसद मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन उड़ाना सरकारी आदेश का उल्लंघन है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की गई है।
इन धाराओं में दर्ज किए गए मामले
दिल्ली पुलिस ने विभिन्न मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। इनमें लोक सेवक को कर्तव्य पालन से रोकने, सरकारी आदेश की अवज्ञा, लोक सेवक पर हमला, गैरकानूनी जमावड़े के दौरान चोट पहुंचाने, अवैध सभा का सदस्य बने रहने, दंगा, दंगे के लिए उकसाने, लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने, हत्या के प्रयास, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम (PDPP Act) की धारा 3 के तहत भी कार्रवाई शामिल है।
पुलिस की जांच जारी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर हमले और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

