दिल्ली में शुरू हुई यमुना रिवर सफारी, 500 रुपये में मिलेगा 40 मिनट का क्रूज सफर

Thecity news
4 Min Read

सोनिया विहार से जगतपुर के बीच चलेगा क्रूज, एक बार में 30 यात्री कर सकेंगे सवारी; टिकट ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे।

दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू हो गई है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार, 10 नवंबर को सोनिया विहार में यमुना रिवर सफारी का उद्घाटन किया। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और अन्य नेता मौजूद रहे।

इस सफारी के जरिए दिल्लीवासियों को यमुना में क्रूज की सवारी का मौका मिलेगा। इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है।

सोनिया विहार से जगतपुर तक 40 मिनट का सफर

यमुना रिवर सफारी सोनिया विहार से जगतपुर के बीच संचालित होगी। इस दौरान क्रूज करीब 4 से 5 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। सफर पूरा करने में लगभग 40 मिनट लगेंगे।

क्रूज में एयर कंडीशनिंग, सुरक्षा जैकेट, साउंड सिस्टम और बायो-टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एक बार में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। टिकट दिल्ली पर्यटन विभाग की वेबसाइट से ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे।

सीएम रेखा गुप्ता बोलीं- दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना रिवर सफारी दिल्लीवासियों के लिए एक नया अनुभव होगा। अब तक लोग नाव और क्रूज की सवारी का आनंद लेने के लिए दूसरे शहरों और राज्यों में जाते थे, लेकिन अब दिल्ली में ही यह सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि सफारी के साथ लाइट एंड साउंड शो और मनोरंजन की अन्य गतिविधियों की भी व्यवस्था की गई है। यहां बच्चों और बड़ों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी, ताकि परिवार एक साथ समय बिता सकें। मुख्यमंत्री ने लोगों से यमुना सफारी का आनंद लेने की अपील की।

कपिल मिश्रा का दावा- यमुना की 60 फीसदी सफाई पूरी

दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने यमुना रिवर सफारी को दिल्लीवासियों के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सफारी की संख्या बढ़ाई जाएगी।

कपिल मिश्रा ने दावा किया कि यमुना की सफाई का 60 फीसदी काम पूरा हो चुका है, जबकि 40 फीसदी काम अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और पर्यटन विभाग मिलकर इस परियोजना पर काम कर रहे हैं।

बाढ़ और कम जलस्तर पर बंद रहेगी सेवा

यमुना रिवर सफारी का संचालन नदी के जलस्तर पर निर्भर करेगा। बाढ़ के कारण जलस्तर अधिक होने पर सुरक्षा के लिहाज से क्रूज सेवा रोक दी जाएगी। इसी तरह जलस्तर बहुत कम होने पर भी सफारी नहीं चलाई जा सकेगी।

क्रूज ऑपरेटर को प्रतिदिन कम से कम चार फेरे लगाने होंगे। नौकाओं में जीरो डिस्चार्ज वाले बायो-टॉयलेट लगाए जाएंगे, ताकि अपशिष्ट सीधे नदी में न पहुंचे। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी ऑपरेटर की होगी।

मार्च 2025 में हुआ था समझौता

यमुना में क्रूज पर्यटन विकसित करने के लिए मार्च 2025 में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) और दिल्ली सरकार की एजेंसियों के बीच समझौता हुआ था। इसके तहत सोनिया विहार से जगतपुर के बीच करीब 4 किलोमीटर के हिस्से में क्रूज पर्यटन विकसित करने की योजना बनाई गई।

परियोजना शुरू होने से पहले पिछले महीने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में क्रूज का ट्रायल रन भी किया गया था। उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने देश के जलमार्ग क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों के दौरान हुई प्रगति का जिक्र किया और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व की सराहना की।

Share This Article